उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को किया सम्मानित
Ghazipur News - जमानियां में निपुण भारत मिशन के तहत पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए 'हमारा आंगन हमारे बच्चे' उत्सव का आयोजन हुआ। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को विद्यालय में नामांकित कराना है।

जमानियां। निपुण भारत मिशन के तहत पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को बीआरसी प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने किया। उत्सव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पठन-पाठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ज्योति चौरसिया ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के तहत पूर्व-प्राथमिक और प्राथमिक शिक्षा में निर्धारित अधिगम लक्ष्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
उन्होंने तीन से आठ वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालयों में नामांकित कराने, नियमित विद्यालय भेजने, प्रगति की जानकारी लेने तथा गृहकार्य पूर्ण कराने की अपील की। इस अवसर पर अभिभावकों और प्रतिभागियों को शपथ भी दिलाई गई। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि निपुण भारत अभियान के तहत आयोजित यह उत्सव पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देने, भाषा और गणित की बुनियादी समझ विकसित करने और अभिभावकों और समुदाय को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास है। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी सायरा परवीन, अखिलेश कुमार, सुरेश सिंह, अरविंद सिंह, प्रतिभा सिंह, सुपरवाइजर लीलावती देवी, गणेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री मौजूद रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




