बकाया बिल जमा होने के बाद भी नहीं आई बिजली

Mar 15, 2026 01:03 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुर
share

Ghazipur News - गाजीपुर में स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली विभाग ने 81 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली बकाया बिल के नाम पर काट दी। उपभोक्ताओं ने तुरंत ऑनलाइन भुगतान किया, लेकिन 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली अपडेट नहीं है और विभाग मनमाने तरीके से बिजली काट रहा है।

बकाया बिल जमा होने के बाद भी नहीं आई बिजली

गाजीपुर, संवाददाता। जिले में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार देर रात लगभग 81 से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं की बिजली स्मार्ट मीटर के माध्यम से बकाया बिल के नाम पर स्वतः काट दी गई। बिजली कटते ही उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने तुरंत फोन-पे, पेटीएम और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से बकाया बिल का भुगतान कर दिया। लेकिन भुगतान के बावजूद उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली पूरी तरह से अपडेट और व्यवस्थित नहीं है, फिर भी विभाग मनमाने तरीके से बिजली काट रहा है।

इस मामले में यह भी सामने आया कि पिछले लगभग एक साल से जिले के करीब दो हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का बिल ही जारी नहीं हुआ, जिसके कारण लोग लगातार विभाग के चक्कर काट रहे थे। अब अचानक उन्हीं उपभोक्ताओं की लाइन भी बकाया दिखाकर डिस्कनेक्ट कर दी गई। स्थानीय अधिकारियों का अधिकार भी सीमित कर दिया गया है। स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली जोड़ने और काटने का नियंत्रण उच्च स्तर पर केंद्रीकृत कर दिया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर समस्या का त्वरित समाधान संभव नहीं हो पा रहा है। भुगतान के बावजूद बिजली बहाल न होने से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में अचानक बिजली कटना और भुगतान के बाद भी आपूर्ति न होना अन्यायपूर्ण है। उपभोक्ताओं की मांग है कि बकाया बिल जमा करने वाले लोगों की बिजली तुरंत बहाल की जाए और स्मार्ट मीटर प्रणाली की खामियों को शीघ्र दूर किया जाए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।