साइबेरियन पक्षियों के कलरव से गूंजे गंगा घाट, शिकारियों पर नजर
Ghazipur News - खानपुर (गाजीपुर) में ठंड के मौसम की शुरुआत के साथ सैदपुर तहसील के गंगा घाटों पर साइबेरियन पक्षियों का आगमन हुआ है। स्थानीय लोग और पर्यटक इनकी सुंदरता और चहचहाहट का आनंद ले रहे हैं। वन विभाग ने इन पक्षियों की सुरक्षा के लिए विशेष टीम बनाई है और शिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खानपुर (गाजीपुर)। ठंड के मौसम की शुरुआत के साथ ही सैदपुर तहसील क्षेत्र के गंगा घाटों पर विदेशी मेहमानों का आगमन शुरू हो गया है। बूढ़े महादेव घाट, वराह रूप धाम और भीम घाट पर साइबेरियन पक्षियों के पहुंचते ही पूरा क्षेत्र उनके मधुर कलरव से गूंज उठा है। इन पक्षियों की सुंदरता और चहचहाहट को देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से पर्यटक भी गंगा घाटों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हर साल जाड़े के मौसम में साइबेरियन पक्षी हजारों किलोमीटर की यात्रा कर गंगा किनारे पहुंचते हैं और फरवरी के अंत तक यहां प्रवास करते हैं।
इस दौरान घाटों पर इनका बसेरा प्राकृतिक सौंदर्य को और बढ़ा देता है। सारस पक्षियों की मौजूदगी से भी गंगा तट की रौनक और मनमोहक हो गई है। विदेशी पक्षियों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग सतर्क है। सैदपुर गंगा घाटों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो सुबह और शाम नियमित गश्त कर रही है। वन रेंजर रमेश कुमार मौर्य ने बताया कि यदि कोई भी शिकारी पक्षियों का शिकार करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग का उद्देश्य इन मेहमान पक्षियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे निडर होकर यहां प्रवास कर सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




