
दोपहर में खिली धूप से मिली राहत, शाम में सर्द हवा ने बढ़ाई मुश्किलें
Ghazipur News - - कड़ाके की ठंड और गलन बरकरार, गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़- कड़ाके की ठंड और गलन बरकरार, गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़- कड़ाके की ठंड और गलन बरकरा
गाजीपुर, संवाददाता। जिले में कड़ाके की ठंड और गलन का प्रकोप लगातार बना हुआ है। मंगलवार की दोपहर हल्की धूप निकलने से कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन शाम ढलते ही सर्द हवा ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग के अनुसार करीब पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवा के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है। न्यूनतम तापमान करीब आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन खासा प्रभावित है। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और खेतों की ओर जाने वाले किसानों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। ग्रामीण इलाकों में चौक-चौराहों पर अलाव जलाकर ठंड से बचाव किया जा रहा है। वहीं शहर के प्रमुख बाजारों और बस स्टैंड पर भी लोग आग तापते दिखे। ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ गई है। स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी और कंबल की खरीदारी में तेजी आई है। दुकानदारों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से ठंड में अचानक इजाफा हुआ है, जिससे बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। खासकर सुबह और रात के समय लोग भारी ऊनी कपड़ों की मांग कर रहे हैं। किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। ठंडी हवा और गलन से सब्जियों और रबी की फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसान फसलों को ठंड से बचाने के लिए सिंचाई और अन्य उपाय कर रहे हैं। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सर्दी, खांसी, जुकाम और सांस संबंधी रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मौसम जानकारों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत की संभावना कम है। सुबह और रात में ठंड और गलन बनी रहेगी, जबकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




