बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने दुबिहा-रसड़ा मार्ग किया जाम
दुबिहा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के खिलाफ प्रदर्शन किया। हजारों उपभोक्ता कई दिनों से बिजली संकट में हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सब स्टेशन को अलग करने की मांग की और प्रशासन ने एक सप्ताह में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

पतार, हिन्दुस्तान संवाद। दुबिहा क्षेत्र लगातार बिजली कटौती, अनियमित आपूर्ति और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा।
बिजली कटौती के कारण प्रदर्शन
दुबिहा और कुशहां फीडर से जुड़े गांवों के सैकड़ों लोगों ने दुबिहा पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया और दुबिहा-रसड़ा मार्ग को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हरदासपुर, दुबिहां, असावर, कमसड़ी, नेवादा, लालीडेरा, खड़हरा, पाहुपुर, इटावा, निहालपुर, चवरा, पखनपुरा, पांडेपुर, बेनीपुर, मुस्तफाबाद, डेहमा, पंडित डेरा, गोविंदपुर, गड़ार, कुशहा, सादिकपुर, बंकापुर और मंगरौली समेत 35 से अधिक गांवों के हजारों उपभोक्ता कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धान की रोपाई और सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली न मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और फसल नुकसान की आशंका बढ़ गई है। वहीं भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुंडेसर से आने वाली 33 केवी लाइन को खैराबारी सब स्टेशन से जोड़ने के बाद से आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणों ने सब स्टेशन को अलग करने की मांग की। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता गुड्डू चौहान ने अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह से बात की, जिन्होंने एक सप्ताह में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
---------
अनियमित बिजली आपूर्ति से जूझ रहे लोग
दुकानदारों की समस्याएं
जमानियां। भीषण गर्मी के बीच अनियमित बिजली आपूर्ति से दुकानदारों और उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार सुबह बिजली बाधित होने के कारण बाजार में कई दुकानदार हाथ वाले पंखे और गमछे के सहारे गर्मी से राहत पाने को मजबूर दिखे।
पूर्व ग्राम प्रधान एवं कपड़ा व्यवसायी मनोज कुमार कुशवाहा, वसीम अंसारी और इरफान खान सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि सुबह और शाम के समय लोकल फॉल्ट के कारण अक्सर बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इससे कारोबार प्रभावित होने के साथ ही लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समय पर समाधान नहीं हो रहा। वहीं अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण विभिन्न स्थानों पर लोकल फॉल्ट हो रहे हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है। समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


