समस्याओं के समाधान को विधायक ने निकाला मार्च

Feb 06, 2026 05:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुर
share

Ghazipur News - सैदपुर में सपा विधायक अंकित भारती के नेतृत्व में शुक्रवार को लोगों ने भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं की कमी के खिलाफ मार्च निकाला। विधायक ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और प्रमुख मांगों में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और जर्जर बुनियादी ढांचे की मरम्मत शामिल थी।

समस्याओं के समाधान को विधायक ने निकाला मार्च

सैदपुर, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत सैदपुर तहसील, अस्पताल, थाने में व्याप्त भ्रष्टाचार सहित नगर में मूलभूत सुविधाओं (सड़क, पानी, बिजली) की बदहाली आदि को लेकर शुक्रवार को सपा विधायक अंकित भारती के नेतृत्व में लोगों ने मार्च निकालकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। विधायक ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को अपनी 20 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कार्यों पर जल्द ही जिलाधिकारी सहित शासन से निस्तारण का आश्वासन दिया। सैदपुर सपा विधायक अंकित भारती के नेतृत्व में शुक्रवार को सपा पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता नगर के सादात रोड स्थित एक निजी मैरेजहाल पर एकत्रित हुए।

इसके बाद सादात रोड से तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद वो परिसर स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। कुछ देर कार्यालय के बाहर खड़ा होने के पश्चात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के बाहर ना आने पर नाराज सपा कार्यकर्त्ताओं ने तहसील प्रशासन मुर्दाबाद, एसडीएम मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। जिसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर बाहर आए तो विधायक अंकित भारती ने उनको 20 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। उनकी प्रमुख मांगों में तहसील, नगर पंचायत, थाना परिसर सहित सीएचसी सैदपुर को भ्रष्टाचार से मुक्त करने, सैदपुर के गंगा नदी किनारे स्थापित सभी घाटों, मंदिरों का विकास व सौंदर्याकरण करने, समस्त वार्डों को रोशनीयुक्त तथा गड्‌ढामुक्त करने, नगर क्षेत्र में जर्जर तारों, खंभों का मरम्मत कार्य, लटके हुए तारों को ठीक करने समेत अन्य समस्या रही। साथ ही सैदपुर पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग को जाम-मुक्त कराने के लिए व्यवस्था करने की मांग की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर ने बताया की नगर की प्रमुख जाम की समस्या पर डीपीआर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी। पांच माह के अंदर इस पर कार्य शुरू हो जाएंगे। शेष कार्य के लिए रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी और शासन को भेज दी जाएगी। इस दौरान ओपी भारती, नितेश सिंह'भोनू', रामधनी सोनकर, कमलेश यादव 'राय', दिनेश सोनकर, सुरेन्द्र जायसवाल, कमलेश यादव, गोविन्द यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।