
उमंग और उत्साह के साथ नए साल का किया इस्तकबाल
Ghazipur News - गाजीपुर में नए साल का पहला दिन उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। ठंड के बावजूद लोग मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना कर रहे थे। युवाओं ने पार्टियों और पिकनिक स्पॉट्स पर जश्न मनाया। बाजारों में रौनक बनी रही और सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही। नए साल में सभी ने खुशियों और शांति की कामना की।
गाजीपुर, संवाददाता। नए साल का पहला दिन जिले में पूरे उमंग, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों में खासा जोश देखने को मिला। ठंड के बावजूद लोग अपने घरों से निकलकर नए साल का स्वागत करते नजर आए। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्सव जैसा माहौल रहा। युवाओं में जहां नए साल को लेकर खास उत्साह दिखा, वहीं बुजुर्गों और परिवारों ने इसे धार्मिक आस्था और शांति के साथ मनाया। सुबह होते ही जिले के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अपने ईष्ट देव के दर्शन कर नए साल की अच्छी शुरुआत की कामना की।
महाहर धाम, हथियाराम मठ, बुढ़वा महादेव, साई मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। वहीं दूसरी ओर युवाओं और दोस्तों के समूह ने नए साल का जश्न पार्टी और घूमने-फिरने के साथ मनाया। शहर के पार्क, पिकनिक स्पॉट और सार्वजनिक स्थल गुलजार रहे। लोग दोस्तों और परिवार के साथ पार्कों में पहुंचे, जहां बच्चों ने खेलकूद किया तो युवाओं ने सेल्फी और फोटोग्राफी का आनंद लिया। कई स्थानों पर लोग संगीत के साथ नए साल का जश्न मनाते दिखे। शहर के प्रमुख बाजारों और चाय-पान की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही। लोग एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देते नजर आए। मिठाइयों और नाश्ते की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्क दिखा और प्रमुख चौराहों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। नए साल का पहला दिन खुशियों, मेल-मिलाप और आस्था के साथ संपन्न हुआ। लोगों ने बीते साल की यादों को पीछे छोड़ते हुए नए साल में बेहतर भविष्य, शांति और खुशहाली की उम्मीद के साथ कदम रखा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




