मॉक ड्रिल कर आपदा से निपटने की परखी तैयारी
Ghazipur News - गाजीपुर में एनडीआरएफ की टीम ने प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए कैथी धाम घाट पर मॉक ड्रिल और मोबिलाइजेशन अभ्यास किया। इसका उद्देश्य बाढ़ राहत कार्यों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और राहत-बचाव कार्यों की दक्षता का आकलन करना था। अभ्यास में विभिन्न आपदाओं के हालात का प्रदर्शन किया गया और सभी विभागों के बीच समन्वय को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

गाजीपुर, संवाददाता। प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से बुधवार को गाजीपुर के बॉर्डर स्थित कैथी धाम घाट पर एनडीआरएफ की टीम ने मॉक ड्रिल और मोबिलाइजेशन अभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने गया। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ राहत कार्यों में एनडीआरएफ टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, तैयारी और राहत-बचाव कार्यों की दक्षता का आकलन करना था। अभ्यास में नदी में नाव डूबने, नावों की टक्कर, रासायनिक और जैविक आपदाएं, भूकंप और भवन ध्वस्त होने जैसी परिस्थितियों का वास्तविक प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ की फ्लड वाटर रेस्क्यू, कॉलैप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू और केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर प्रतिक्रिया टीमों ने आधुनिक उपकरणों के साथ राहत और बचाव अभियान चलाया।घटनास्थल
पर पहुंचते ही टीमों ने ऑपरेशन बेस स्थापित कर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा। इस दौरान जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, जल पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय भी देखा गया। उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में जोखिम को कम करना एनडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस अभ्यास में एनडीआरएफ की 12 विशेष टीमों को तैनात किया गया था। कार्यक्रम के अंत में सभी विभागों ने भविष्य में बेहतर समन्वय और आपदा प्रबंधन को और मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर तहसीलदार सैदपुर हिमांशु सिंह और आपदा विशेषज्ञ अशोक राय मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


