
घर-घर जाकर करें कुष्ठ रोगियों की पहचान
Ghazipur News - रेवतीपुर में सोमवार को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन पखवारा कार्यक्रम के तहत स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान शुरू हुआ। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार ने स्वास्थ्य कर्मियों को कुष्ठ रोग के उन्मूलन की शपथ दिलाई। यह अभियान 13 फरवरी तक चलेगा, जिसमें घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान की जाएगी।
रेवतीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन पखवारा कार्यक्रम के तहत स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार ने की। स्वास्थ्य कर्मियों को कुष्ठ रोग के उन्मूलन की शपथ दिलाई गई और जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान के तहत कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने की अपील की गई। स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान करें और समय पर उनका उपचार सुनिश्चित कराएं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार ने बताया कि वर्तमान में पूरे रेवतीपुर ब्लॉक में कुल छह कुष्ठ रोगी चिन्हित हैं, जिनका इलाज सीएचसी में नियमित रूप से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग माइकोबैक्टेरियम लेप्री और माइकोबैक्टेरियम लेप्रोमेटॉसिस नामक जीवाणुओं के कारण होने वाली दीर्घकालिक बीमारी है, जो मुख्य रूप से त्वचा, बाह्य नसों और ऊपरी श्वसन तंत्र को प्रभावित करती है। त्वचा पर दाग-धब्बे और सुन्नता इसके प्रारंभिक लक्षण हैं। समय पर इलाज न होने पर यह रोग गंभीर रूप लेकर हाथ-पैर, आंखों और नसों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 13 फरवरी तक चलेगा। इसके अंतर्गत आशा कार्यकर्ता, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मरीजों की पहचान करेंगी और उन्हें उपचार से जोड़ेंगी। साथ ही दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्विज प्रतियोगिता और पंपलेट वितरण जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर डॉ. अमित चौबे, डॉ. साजिद्दीन, डॉ. इंद्रपाल, डॉ. स्मिता, डॉ. सदिया उपस्थित रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




