Ghazipur News: नागपंचमी पर रंगमहल में हुआ विराट दंगल
Ghazipur News: सैदपुर में नागपंचमी और श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में मत्था टेककर पूजा की। बूढ़ेनाथ, रंगमहल और गौरीशंकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। प्रतियोगिताओं में पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। कुश्ती में विभिन्न गांवों के पहलवानों ने भाग लिया और दर्शकों ने आनंद लिया।

Ghazipur News: सैदपुर, हिन्दुस्तान संवाद। नागपंचमी और श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर नगर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। सोमवार तड़के से ही श्रद्धालुओं ने घरों की सफाई कर शिव मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर मत्था टेका। लोगों ने परास के पत्ते पर दूध-लावा चढ़ाकर नागदेवता की पूजा की और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। नगर के अतिप्राचीन बूढ़ेनाथ महादेव, रंगमहल, गौरीशंकर महादेव, नर्मदेश्वर महादेव सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
प्रतियोगिताएँ
वहीं बच्चों, युवक-युवतियों ने जगह-जगह पेड़ों पर झूले डालकर सावन का आनंद लिया। पश्चिम बाजार स्थित महावीर घाट शिव मंदिर परिसर में छोटी कुश्ती प्रतियोगिता भी हुई। रंगमहल मंदिर परिसर में श्री श्री 1008 बाबा श्यामदास सेवा समिति की ओर से विराट कुश्ती-दंगल आयोजित किया गया। दंगल से पूर्व मंदिर के पुजारी विजय मिश्रा ने बजरंगबली और अखाड़े का पूजन कराया। इसके बाद चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया। दंगल में गाजीपुर, बेलवानी, सरैया, भीमापार, भुजारी, कालया, भद्रसेन, सैदपुर, खरैना, पतरही, भलया, देवचंदपुर, रामपुर, दिया, कोटिसा, भदैला, खिदिरगंज छपरा, सिधौना और करमपुर सहित विभिन्न गांवों से आए पहलवानों ने दांव-पेच दिखाए। मुकाबलों का दर्शकों ने जमकर आनंद लिया। सीनियर वर्ग के पहलवान जोगिंदर, शंकर, अदालत, सुभाष यादव, थीम, प्रेम नारायण यादव, हवलदार, पिरु उस्ताद, राजेश और गुल्लू पहलवान का कमलेश सोनकर ने माल्यार्पण व साफा पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर आलोक यादव, संतोष पहलवान, एडवोकेट गौरव यादव, प्रमोद यादव और कंचन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


