होटल कारोबारी के हत्या में कटरा गैंग के सरगना समेत तीन नामजद
गाजीपुर में होटल बिंदु के मालिक आलोक राय के बेटे विनित राय की हत्या हो गई। बदमाशों ने होटल के बाहर फायरिंग की, जिसमें विनित को गोली लगी। पिता आलोक ने कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर चार टीमें गठित की हैं।
गाजीपुर। शहर कोतवाली के फुलनपुर स्थित होटल बिन्दु के मालिक आलोक राय के बेटे विनित राय की हत्या के बाद शनिवार को एडीजी पियूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी डॉ. ईरज राजा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रत्यक्षदर्शी गार्ड से बातकर घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। साथ ही परिजनों से बात कर बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। मामले में पिता की तहरीर पर कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय समेत तीन नामजदों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मूल रुप से गोडउर के निवासी आलोक राय उर्फ डब्लू राय अष्टभुजी कालोनी में मकान बनाकर रहते है। फुलनपुर में उनका बिंदु होटल और बार है जिसको छोटे पुत्र विनीत राय संभालते थे। शुक्रवार की रात में विनीत होटल पर मौजूद थे। रात 11 बजे वह होटल में खाना-पीना खाकर घर के लिए निकले, लेकिन गेट पर ही उसे कुछ काम याद आ गया। वह फिर होटल के अंदर चले गये। इसी बीच, दो बाइक पर सवार चारों बदमाश पहुंचे। उन्होंने गेट पर खड़े गार्ड शंभू से पूछा-बियर मिलेगी तो उसने हां में जवाब दिया। इसके बाद बदमाशों ने कहा कि 16 बियर चाहिए। इस पर शंभू ने कहा कि पहले पैसे दीजिए। बदमाशों ने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट करेंगे। इसके बाद शंभू होटल मैनेजर का फोन लेकर आया, क्यूआर कोड दिखाया और पेमेंट करने को कहा। फिर बदमाश बोले कि 16 नहीं, सिर्फ 8 बियर चाहिए। इसी दौरान विनीत होटल से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े। तभी बदमाशों ने कमर से पिस्टल निकाली और विनीत को घेर लिया। दो बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली विनीत के दाएं हाथ में लगी। विनीत जान बचाकर भागे तो बदमाशों ने कमर में गोली मार दी। जैसे ही वह लड़खड़ाए, बदमाशों ने सीने में दो गोलियां मार दीं। इसके बाद विनीत वहीं गिर पड़े। बदमाशों ने गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया। उसने भागकर जान बचाई। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गार्ड ने होटल मालिक को फोन कर सूचना दी। विनीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पिता आलोक राय ने कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय पर पुरानी रंजीश में हत्या का आरोप लगाया है। मामले में शंकर पांडेय समेत तीन नामजद और अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगा दी गई है। बिहार समेत आसपास के जिलों में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी.
2024 में भी गैंग ने की थी होटल में तोड़फोड़
होटल कारोबारी आलोक राय ने बताया कि कुख्यात अपराधी शंकर पांडे ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की है। 2024 में इस गैंग ने मुझसे पैसे मांगे थे। जब मैंने नहीं दिए तो होटल पर तोड़फोड़ की थी। आरोपियों ने होटल के शीशे और अन्य सामान तोड़ दिए थे। मैंने डीजीपी, मुख्यमंत्री, एडीजी और एसपी समेत कई अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
कटरा गैंग चलाता है शंकर पांडेय
पुलिस के मुताबिक शंकर पांडेय क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। वह ‘कटरा गैंग’ नाम से गिरोह चलाता है। इस गैंग में कई युवक शामिल हैं, जो लूटपाट, दबंगई और अवैध वसूली जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। गैंग एक व्हाट्सअप ग्रुप के जरिए संचालित होता है। जब किसी वारदात को अंजाम देना होता है, तो ग्रुप में मैसेज आता है। इसके बाद बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


