गंगा पर बने रेल-सह-सड़क पुल पर 110 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू

Feb 18, 2026 02:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुर
share

Ghazipur News - गाजीपुर में गंगा नदी पर बने रेल-सह-सड़क पुल के टॉप फ्लोर पर आधुनिक रोशनी लगाई जा रही है। करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से 110 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात में आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा। यह पुल 420 करोड़ रुपये की लागत से बना है और इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 में रखी थी।

गंगा पर बने रेल-सह-सड़क पुल पर 110 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू

रेवतीपुर (गाजीपुर ) । गंगा नदी पर बने बहुप्रतीक्षित रेल-सह-सड़क पुल के टॉप फ्लोर को अब अत्याधुनिक रोशनी से सजाया जा रहा है। बुधवार से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से 110 स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पुल पर रात्रिकालीन आवागमन और अधिक सुरक्षित व सुगम हो सकेगा। टॉप फ्लोर पर स्थापित की जा रही प्रत्येक स्ट्रीट लाइट 11 मीटर ऊंचे स्टील्थ पोल पर लगाई जा रही है। पुल के दोनों ओर 55-55 लाइटें लगेंगी। इनका विद्युत कनेक्शन सीधे रेलवे स्टेशन से जोड़ने का प्रस्ताव है, जिससे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

एप्रोच रोड का निर्माण पूरा होते ही वाहन रोशनी के बीच सुरक्षित रूप से पुल पार कर सकेंगे। करीब 420 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह डबल लेन रेल-सह-सड़क पुल 1050 मीटर लंबा है, जबकि टॉप फ्लोर की चौड़ाई लगभग 16 मीटर है। इसकी आधारशिला वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी और निर्माण कार्य वर्ष 2023 में पूर्ण हुआ। 18 हजार टन वजनी यह विशाल पुल 100 टन तक भार क्षमता वाले भारी वाहनों का दबाव सहने में सक्षम है। संरचनात्मक रूप से यह 14 पिलरों, 52 स्फेरिकल बेयरिंग और 14 एक्सपेंशन जॉइंट्स पर टिका है। विशेष बात यह है कि यह प्रदेश का एकमात्र ऐसा पुल है, जिसे पूरी तरह नट-बोल्ट तकनीक के आधार पर तैयार किया गया है—जो इसे मजबूती और आधुनिक इंजीनियरिंग का अनूठा उदाहरण बनाता है। नई रोशनी के साथ यह पुल न केवल गाजीपुर की पहचान को और चमक देगा, बल्कि विकास और आधुनिक अवसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगा। (आरवीएनएल) के परियोजना निदेशक पवन कुमार सिंह ने बताया कि रेल-सह-सड़क पुल के टॉप फ्लोर पर स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल से आवागमन और अधिक सुरक्षित तथा सुचारु हो सकेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।