Ghazipur News: पौधरोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद आवश्यक: ओम प्रकाश राजभर
Ghazipur News: गाजीपुर में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर 200 पौधे लगाए गए। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य है। सभी लोगों को पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

Ghazipur News: गाजीपुर, संवाददाता। ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को विकास खंड बिरनो के शेखपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, वाराणसी मंडल के आयुक्त और शासन के नामित नोडल अधिकारी एस. राजलिंगम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान परिसर में करीब 200 पौधे लगाए गए। मुख्य अतिथि ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि गाजीपुर जनपद में कुल 47 लाख 68 हजार 730 पौधे लगाने का लक्ष्य तय है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ जल और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक हैं। सभी लोगों को पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष की भागीदारी
विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि पौधरोपण केवल अभियान नहीं बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने औषधीय और अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधे लगाने पर जोर दिया।
भाजपा नेताओं का समर्थन
भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। जल, अन्न और ऑक्सीजन के लिए पेड़ों का संरक्षण जरूरी है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने पर्यावरण असंतुलन को देखते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण की अपील की।
वन विभाग की योजना
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में वन विभाग द्वारा 19 लाख 29 हजार और अन्य विभागों द्वारा 28 लाख 39 हजार 730 पौधे लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, आयुक्त एस. राजलिंगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कॉलेज और नगर पालिका की पहल
जमानियां। पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत हिंदू पीजी कॉलेज और नगर पालिका परिषद ने वृहद पौधरोपण अभियान चलाया। कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविकाओं और एनसीसी के कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए। एनसीसी कैप्टन अंगद प्रसाद तिवारी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी सहित प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने अभियान में भाग लिया। वहीं वन महोत्सव के अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने दूरहिया स्थित कर्बला मैदान के चारों ओर पौधरोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, पालिका कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण कर हरित और स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया।
गाँवों में वृक्षारोपण
दिलदारनगर। क्षेत्र के चित्रकोनी, ताजपुर कुर्रा, पलिया और देहवल गांवों में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। ग्राम सचिव पवन कुमार सिंह, देहवल ग्राम प्रधान मो. एनामुद्दिन खान, चित्रकोनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शमशुल होदा खान, मनरेगा श्रमिकों और ग्रामीणों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। जनप्रतिनिधियों ने पौधों का सिंचन कर उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखा जाए। वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दिलदारनगर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रधानाध्यापिका स्मृति शर्मा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए। इको क्लब की नोडल अधिकारी किरण सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सत्यम राय सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
संकल्प का महत्व
जखनिया। विकासखंड के ग्राम पंचायतों में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। शाहपुर बहोर राय गांव में काली माता और डीह बाबा मंदिर परिसर में ग्रामीणों और महिलाओं ने छायादार और फलदार पौधे लगाए। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रतिवर्ष कम से कम पांच पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद के निर्देशन में ग्राम सचिवों, पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों, प्रशासकों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। एडीओ पंचायत अशोक कुमार यादव ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों को 1503 पौधे उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें खाली भूमि और सड़क किनारे लगाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर पौधरोपण
रेवतीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविवार को सीएचसी परिसर में पौधरोपण किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय और चिकित्साधिकारी डॉ. अमर कुमार ने संयुक्त रूप से अशोक, आम और रुद्राक्ष के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश राय ने कहा कि यह अभियान प्रकृति और मां के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छ वातावरण का निर्माण होगा। कार्यक्रम में जिला महामंत्री विष्णु सिंह, भाजपा नेता पंकज राय, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. अमित चौबे, थाना प्रभारी राजू दिवाकर सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, भाजपा कार्यकर्ता और अस्पताल कर्मी उपस्थित रहे।
शिक्षण संस्थानों में वृक्षारोपण
सादात। नगर के समता पीजी कॉलेज, कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन मरदापुर, बापू कॉलेज और एसवीएम इंटर कॉलेज बहरियाबाद सहित विभिन्न शिक्षण और सरकारी संस्थानों में रविवार को वृहद पौधरोपण किया गया। समता पीजी कॉलेज में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बलवंत यादव और एनसीसी अधिकारी डॉ. अशोक कुशवाहा के नेतृत्व में प्राचार्य प्रो. डॉ. पीयूष वर्मा ने स्वर्णचम्पा सहित विभिन्न फलदार पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने अर्जुन, आम, अमरूद सहित विभिन्न पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं एसवीएम इंटर कॉलेज बहरियाबाद में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय ने पौधरोपण कर कहा कि पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में प्रबंधक अजय सहाय, प्रधानाचार्य रामप्रकाश राम और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
ब्लॉक स्तर पर पौधरोपण अभियान
देवकली। ब्लॉक की 106 ग्राम पंचायतों में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पूरे ब्लॉक में 2,21,439 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें 5 जून को 36,570 और 12 जुलाई को 1,84,869 पौधे रोपे गए। खंड विकास अधिकारी जमालूदीन अली ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को 1,335 पौधे वितरित किए गए, जिनमें शीशम, आम, सागौन, अर्जुन, नीम, आंवला, अमरूद, नींबू और चिलबिल जैसी प्रजातियां शामिल हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चेलाल यादव ने अभियान में जनसहभागिता पर जोर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली और ब्लॉक मुख्यालय पर भी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


