
सादात स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई कम होने से दिक्कत
Ghazipur News - स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक की लंबाई बढ़ाने की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही है। प्लेटफार्म छोटा होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों ने जल्द ही प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने की मांग की है ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।
सादात, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक की लंबाई बढ़ाने की मांग क्षेत्रवासियों ने वर्षों से उठाई जा रही है, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। प्लेटफार्म छोटा होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर जब एक्सप्रेस ट्रेनों में अधिक बोगियां लगी होती हैं, तब कई कोच प्लेटफार्म से काफी आगे निकल जाते हैं, जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म से नीचे उतरना पड़ता है। क्षेत्र के बैकुंठ सिंह, शिवानन्द सिंह मुन्ना, विजेंद्र सिंह, धर्मचंद मोदनवाल, श्यामनारायण राजभर, सोनू मोदनवाल, जूठन विश्वकर्मा, अभिमन्यु राजभर, कन्हैया, योगेश यादव, रामजनम राजभर, अरविंद, अनिल आदि ने बताया कि तत्कालीन रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने स्टेशन सौंदर्यीकरण कार्य के उद्घाटन के दौरान मंच से घोषणा की थी कि प्लेटफार्म संख्या एक की लंबाई प्लेटफार्म दो के बराबर की जाएगी।
लेकिन इसके उलट विभाग ने प्लेटफार्म के दक्षिणी हिस्से से सटाकर साइडिंग लाइन बना दी, जिससे समस्याएं और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनरल बोगियां अक्सर प्लेटफार्म से काफी बाहर रहती हैं, जिसके कारण आम यात्रियों को चढ़ने-उतरने में कठिनाई होती है। साथ ही, दक्षिणी छोर से बड़ी संख्या में बाजारवासी ट्रेन पकड़ने आते हैं। अंधेरा या कोहरा होने पर नीचे उतरते समय दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने प्लेटफार्म की लंबाई जल्द बढ़ाने की मांग दोहराई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सहज यात्रा सुविधा मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




