स्टेशन पर दुर्व्यवस्थाओं पर अधिकारियों ने जताई नाराजगी
Ghazipur News - गाजीपुर के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आई दानापुर मंडल की टीम ने कई बुनियादी कमियों का पता लगाया। शौचालयों की खराब स्थिति, टिकट बुकिंग कार्यालय के पास सूचनात्मक बोर्डों की कमी और पेयजल की व्यवस्था में कमी जैसी समस्याएँ सामने आईं। अधिकारियों ने सुधार के निर्देश दिए और नए भवन का भी अवलोकन किया।

गाजीपुर (दिलदारनगर)। दानापुर मंडल के अधिकारियों की टीम दिलदारनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम अप श्रमजीवी एक्सप्रेस से स्टेशन पहुंची और करीब दो घंटे तक प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कई बुनियादी कमियां सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण में पाया गया कि स्टेशन पर शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। द्वितीय श्रेणी के पुराने प्रतीक्षालय में बने शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब मिली। इसके अलावा टिकट बुकिंग और आरक्षण कार्यालय के पास नया समय सारणी बोर्ड और यात्री सुविधा सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।
स्टेशन की पार्किंग में रेट लिस्ट का अभाव और प्लेटफॉर्म पर पेयजल की समुचित व्यवस्था न होना भी प्रमुख समस्याओं में शामिल रहा।अधिकारियों ने इन सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही ‘पे एंड यूज’ शौचालय के लिए जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान अमृत स्टेशन योजना के तहत प्रस्तावित नए भवन का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के समग्र विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। इसके अलावा स्टेशन के पीछे रेलवे भूमि पर हो रहे अतिक्रमण पर सख्ती दिखाते हुए ठेला-खोमचा लगाने वालों को चेतावनी दी गई और अव्यवस्थित खड़े वाहनों को हटवाया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


