भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता टी-20 विश्व कप, कप्तान सूर्यकुमार के गांव में जश्न

Mar 08, 2026 11:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुर
share

Ghazipur News - भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी-20 विश्व कप का खिताब जीता। इस जीत के बाद खानपुर में जश्न मनाया गया। गांव के लोग मिठाइयां बांटते और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाते नजर आए। सूर्य कुमार यादव के दादा ने इस दिन को गर्व का बताया। टीम इंडिया की सफलता ने पूरे जिले में खुशी और प्रेरणा का माहौल बना दिया।

भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता टी-20 विश्व कप, कप्तान सूर्यकुमार के गांव में जश्न

खानपुर।भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की इस शानदार जीत के बाद जिले भर में जश्न का माहौल देखने को मिला। लोगों ने पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव का पैतृक गांव हथौड़ा में भी जीत की खबर मिलते ही खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और अबीर गुलाल उड़ाकर और पटाखे छोड़कर अपनी खुशी जाहिर की। सूर्य कुमार यादव के दादा विक्रम यादव ने कहा कि आज पूरे परिवार और गांव के लिए बहुत गर्व का दिन है।

उन्होंने बताया कि बचपन से ही सूर्या को क्रिकेट का बहुत शौक था और आज उसे देश के लिए खेलते और जीत दिलाते देखकर आंखें खुशी से नम हो गईं। उन्होंने कहा कि हम लोग पूरे मैच के दौरान भगवान से प्रार्थना कर रहे थे कि भारत जीते। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया और पूरे देश का मान बढ़ाया। सूर्या ने भी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है जिस पर पूरे गांव को गर्व है।गांव के युवाओं ने सड़कों पर निकलकर भारत माता के जयकारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव का बेटा जब देश के लिए खेलता है तो पूरे गांव का उत्साह कई गुना बढ़ जाता है।भारत की इस जीत से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों का कहना है कि टीम इंडिया की यह सफलता देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।