परंपरागत तरीके से देर रात हुआ होलिका दहन, रंगोत्सव कल
Ghazipur News - गाजीपुर में सोमवार रात 2264 स्थानों पर विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। लोगों ने रात 12:50 से 02:02 बजे के बीच अग्नि प्रज्ज्वलित कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम थे और पुलिस ने निगरानी रखी। अधिकारीयों ने शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील की। रंगोत्सव बुधवार को मनाया जाएगा।

गाजीपुर। जिले में सोमवार की देर रात 2264 स्थानों पर विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। शहर से लेकर गांवों तक लोगों ने शुभ मुहूर्त में रात्रि 12:50 बजे से 02:02 बजे के बीच परंपरागत ढंग से संवत जलाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के प्रमुख चौराहों, मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अग्नि प्रज्ज्वलित की। होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शहर के नवाबगंज, नवाब साहब का फाटक, झंडातर, नखास, चीतनाथ, स्टीमरघाट, मिश्रबाजार, महुआबाग, आमघाट, लंका, सकलेनाबाद, गोराबाजार, सिंचाई विभाग सहित दर्जनों स्थान पर होलिका दहन किया गया। होलिका दहन कराने जाने के दौरान लोग ढोल नगाड़े पर नाचते गाते रहे।
देर रात तक अबीर गुलाल उड़ाए और उल्लास व उत्साह के साथ होलिका दहन किया। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन विशेष रूप से सतर्क रहा। कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या शरारती तत्वों की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई। प्रशासन ने पहले से ही शांति समिति की बैठकों के माध्यम से लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की थी। अधिकारियों ने बताया कि पूरे जिले में होलिका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अब बुधवार को रंगोत्सव मनाया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और संयम के साथ होली मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



