Ghazipur News: जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई कर ग्रामीणों ने जताया विरोध
Ghazipur News: गाजीपुर के भड़सर ग्राम सभा में तेज बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी। जलभराव के कारण मुख्य संपर्क मार्ग तालाब में तब्दील हो गया, जिससे ग्रामीण और बच्चे परेशान हैं। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि अगर जल निकासी का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
Ghazipur News: गाजीपुर (मरदह)। भड़सर ग्राम सभा में पहली ही तेज बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी। गांव का मुख्य संपर्क मार्ग जलभराव के कारण पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया, जिससे ग्रामीणों और प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को रोजाना पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई की और ग्राम पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
पूर्व प्रधान केशव सिंह ने बताया कि सड़क लंबे समय से जर्जर है और नालियों की कमी के कारण जलभराव बना रहता है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान केशव सिंह, अरविंद पटेल, रंजय प्रजापति, राजेश यादव, लालू वर्मा, मन्नू प्रजापति, विक्की खरवार, बबलू जायसवाल, सतीश खरवार, पंकज पटेल, सूरज पटेल, पंकज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


