ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़, सफर करना बना मुश्किल
Ghazipur News - दुलदारनगर रेलवे स्टेशन पर होली के बाद और ईद के अवसर पर यात्रा करने वाले यात्रियों की भारी भीड़ है। जनरल और स्लीपर डिब्बों में यात्रियों का अत्यधिक दबाव है। सीट न मिलने से कई यात्री शौचालय के पास बैठकर यात्रा कर रहे हैं। रेलवे द्वारा चलाई गई होली स्पेशल ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।

दुलदारनगर। होली के बाद घर लौटने वाले तथा ईद के अवसर पर बाहर जाने और आने वाले यात्रियों की वजह से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भीड़ के कारण स्लीपर के साथ-साथ जनरल डिब्बों में भी यात्रियों का अत्यधिक दबाव है। ट्रेनों में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है, यात्रियों का हुजूम दरवाजों की ओर उमड़ पड़ता है। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा पैसेंजर ट्रेनों में भी काफी भीड़ हो रही है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब, मद्रास, बेंगलूर और हावड़ा सहित अन्य शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक बताई जा रही है।
अधिकांश नियमित ट्रेनों में अप्रैल तक सीट उपलब्ध नहीं है।ऐसे में यात्री जान जोखिम में डालकर किसी तरह ट्रेन में चढ़ने-उतरने को मजबूर हैं। सीट न मिलने के कारण कई यात्री शौचालय के पास बैठकर सफर करने को विवश हैं। रेलवे द्वारा होली स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, लेकिन उनमें भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। इससे जनरल डिब्बों में यात्रियों को भेड़-बकरियों की तरह ठूसकर सफर करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


