Ghazipur News: मुहम्मदाबाद के निचले इलाकों में फैलने लगा बाढ़ का पानी
Ghazipur News: मुहम्मदाबाद में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। निचले इलाकों में पानी फैलना शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। उपजिलाधिकारी ने स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। बाढ़ से पशुओं के चारे का संकट भी गहरा गया है।

Ghazipur News: मुहम्मदाबाद। तहसील क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सोमवार को नदी का पानी निचले इलाकों में फैलना शुरू हो गया, जिससे तटीय गांवों के ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। पानी अब रिहायशी और कृषि क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। वीरपुर भागड़ नाले के रास्ते गंगा का पानी शेरपुर होते हुए लालूपुर बाढ़ तक पहुंच गया है। वहीं भागड़ की दूसरी शाखा से पानी नकटीकोल और रानीपुर होते हुए पखनपुरा के सिवान स्थित खेतों तक फैल गया है। इससे निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के सामने परेशानी बढ़ने लगी है।
सोमवार को उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला ने बच्छलपुरा गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने और बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। बाढ़ का पानी फैलने से पशुओं के चारे का संकट भी गहराने लगा है। वहीं किसान हजारों हेक्टेयर में मिर्च और टमाटर की खेती की तैयारी कर रहे थे। अचानक पानी फैलने से किसानों को फसल प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। पूर्व में बाढ़ की विभीषिका झेल चुके ग्रामीण भी स्थिति को लेकर चिंतित हैं।


