नवादा ने नई बाजार को 2-1 से हराकर जीती ट्रॉफी
Ghazipur News - दिलदारनगर के रकसहा गांव में आरएफसी क्लब द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नवादा और नई बाजार के बीच हुआ। नवादा ने 2-1 से जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि शाकिब खान और इमरान खान ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया। मैन ऑफ द मैच मुदस्सिर और मैन ऑफ द सीरीज आरिफ रहे।

दिलदारनगर। क्षेत्र के रकसहा गांव में आरएफसी क्लब की ओर से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खचाखच भरे मैदान और दर्शकों के उत्साह के बीच खेले गए इस निर्णायक मैच में नवादा की टीम ने नई बाजार को 2-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि डालिम्स सनबीम स्कूल रकसहा के प्रबंधक शाकिब खान एवं समाजसेवी इमरान खान ने फीता काटकर किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथियों को माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में कई मौके बने, लेकिन दोनों ही टीमें गोल करने में असफल रहीं। दूसरे हाफ में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहा। इसके बाद निर्णायक मंडल के निर्णय पर ट्राई ब्रेकर कराया गया, जिसमें नवादा की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नवादा के खिलाड़ी मुदस्सिर को मिला, जबकि मैन ऑफ द सीरीज नई बाजार के खिलाड़ी आरिफ रहे। रेफरी की भूमिका इमरान खान ने निभाई, जबकि तारीख और दिलशा लाइनमैन रहे। आयोजन के दौरान दिलशाद खान, जावेद खान, समीर खान, आकिब खान, औरंगजेब खान, साजिद खान, राजा खान, अली हुसैन, अशरफ खान मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


