नौ ट्रांसफार्मर चोरी मामले में एसडीओ दोषी
Ghazipur News - गाज़ीपुर में बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी प्रमोद यादव को नौ ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में संलिप्त पाया गया है। पुलिस ने दो संविदा कर्मचारियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की और तीन ट्रांसफार्मर बरामद किए। प्रमोद यादव के खिलाफ जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। इस मामले में ऊर्जा मंत्री ने भी संज्ञान लिया है।

गाजीपुर। बिजली विभाग में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का एक और गंभीर मामला सामने आया है। विद्युत वितरण खण्ड प्रथम जंगीपुर के अंतर्गत उपखंड कार्यालय पारा में तैनात उपखंड अधिकारी प्रमोद यादव पर नौ ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में संलिप्तता पाई गई है। वहीं, इस मामले में तीन दिन पहले नौनहरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस पर पुलिसने दोनों संविदा कर्मचारी को गिरफ्तार कर पूछताछ की थी। संविदा कर्मचारियों की निशानदेही पर तीन ट्रांसफार्मर बरामद भी किये गए। वाराणसी जोन द्वितीय के मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि जांच में एसडीओ प्रमोद यादव की संलिप्तता पाई गई है।
साथ ही दो संविदा लाइनमैन रमेश राम और शिवकुमार भी दोषी पाए गए हैं। कार्रवाई के तहत दोनों संविदा कर्मियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं एसडीओ प्रमोद यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी जांच रिपोर्ट एमडी पूर्वांचल शंभू कुमार को भेज दी गई है।मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि एसडीओ प्रमोद यादव के कार्यकाल में क्षेत्र से लगभग नौ ट्रांसफार्मर गायब हो गए। इसकी सूचना तत्कालीन जेई राजीव कुमार ने उस वक्त एसडीओ को दी थी। पुलिस को भी तहरीर दी थी। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर हुई चोरी की भनक वरिष्ठ अधिकारी को नहीं लगी, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।यह मामला उस समय और तूल पकड़ गया जब हाल ही में गाजीपुर दौरे पर आए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने उपकेंद्र महरौर का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आई थीं, जिसके चलते अवर अभियंता धर्मेंद्र पाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। साथ ही ट्रांसफार्मर चोरी के इस प्रकरण को भी मंत्री ने संज्ञान में लिया, जिसके बाद जांच में तेजी आई। इस मामले में जिलाधिकारी स्तर से भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने गंभीरता से जांच शुरू कराई गई तो मामला सामने आ गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


