प्रेम कोई सौदा नहीं बल्कि पवित्र साधना है: मणिका
Ghazipur News - गाजीपुर में श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा द्वारा होली मिलन समारोह के अंतर्गत कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। विभिन्न शहरों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में हास्य, श्रृंगार और समाजिक मुद्दों पर कविताओं का पाठ किया गया। डॉ. एके श्रीवास्तव को चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

गाजीपुर, संवाददाता। सामाजिक संस्था श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा, ददरी घाट की ओर से होली मिलन समारोह के अवसर पर कवि सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि सम्मेलन में उन्नाव के कवि स्वयं श्रीवास्तव, जबलपुर की कवयित्री मणिका दुबे, लखनऊ के हास्य कवि विकास बौखल, बाराबंकी के प्रमोद पंकज और ललितपुर के कवि पंकज पंडित ने काव्य पाठ कर खूब वाहवाही बटोरी।कार्यक्रम की शुरुआत प्रमोद पंकज ने अपनी पैरोडी और व्यंग्यात्मक कविताओं से की। उन्होंने महंगाई और रसोई गैस जैसे मुद्दों पर कटाक्ष करते हुए श्रोताओं को खूब हंसाया।
इसके बाद कवयित्री मणिका दुबे ने श्रृंगार और संवेदना से भरपूर कविताएं सुनाते हुए कहा कि प्रेम कोई सौदा नहीं बल्कि पवित्र साधना है।हास्य कवि विकास बौखल ने कहा कि किसी खंजर से ना किसी तलवार से जोड़ा जाए, सारी दुनिया को चलो प्यार से जोड़ा जाए सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। वहीं कवि पंकज पंडित ने महारानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप और सनातन संस्कृति पर ओजपूर्ण कविता प्रस्तुत की। जल संकट पर भी मार्मिक कविता सुनाई। कार्यक्रम के अंत में कवि स्वयं श्रीवास्तव ने बेरोजगार युवाओं के दर्द को अपनी पंक्तियों के माध्यम से व्यक्त करते हुए श्रोताओं को भावुक कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य कपाली बाबा, संत गोपाल जी शास्त्री, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रसेन श्रीवास्तव और बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने किया। इस अवसर पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एके श्रीवास्तव को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गाजीपुर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष आनंद शंकर श्रीवास्तव ने की, जबकि अंत में मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भी स्वयं श्रीवास्तव ने किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


