लोगों को समझाकर हटवाई डा. आंबेडकर की प्रतिमा, पीएसी तैनात
Ghazipur News - मुहम्मदाबाद के चक पहाड़ गांव में अनुसूचित बस्ती के लोगों ने डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति रखी, जिसका विरोध हुआ। पुलिस ने हालात को संभालने के लिए फोर्स तैनात की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने भेदभाव और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई। प्रशासन ने समझाकर मूर्ति हटवाई और नियमों के तहत लगाने का आश्वासन दिया।

मुहम्मदाबाद, हिन्दुस्तान संवाद। मुहम्मदाबाद कोतवाली इलाके के चक पहाड़ उर्फ महरुपुर गांव में खाली भूमि पर अनुसूचित बस्ती के लोगों ने दो दिन पूर्व डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति रख दी। जिसका एक वर्ग के लोगों ने जमकर विरोध किया। घटना की सूचना मिलते ही रविवार की सुबह पुलिसकर्मी पहुंचे। वहीं बवाल की आशंका बढ़ते ही पांच थानों की फोर्स और डेढ़ सेक्शन पीएसी मौके पर तैनात कर दी गई। वही अनुसूचित बस्ती की महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए महिला फोर्स भी तैनात की गई थी। उनका कहना था कि हम लोगो के साथ हमेशा भेदभाव तथा उत्पीड़न होता रहता है, शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
बता दें कि बीते दो दिन पूर्व ही अनुसूचित जाति के लोगों ने डा. भीम राव आम्बेडकर की मूर्ति लाकर खाली पड़ी जमीन पर लगा दी। जिसके बाद एक वर्ग के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना है कि भूमि विवाद एवं अवैध तरीके से मूर्ति लगाया गया है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार महेंद्र बहादुर और स्थानीय कोतवाल राजेश कुमार त्रिपाठी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर प्रतिमा हटवाया। उन्होने अनुसूचित जाति के लोगों से नियमों के तहत प्रतिमा लगाने के आश्वासन दिया। जिसके बाद अनुसूचित समाज के महिलाओं एवं पुरुषों का प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रतिमा हटते प्रशासन ने राहत की सांस ली। क्षेत्रीय लेखपाल अमित कुमार ने बताया कि जिस खाली पड़ी जमीन पर डॉक्टर आंबेडकर की मूर्ति रखी गई थी वह आरजी का नंबर 179 है जो कि संगठित भूमि है, जिसमें मात्र 0.098 हेक्टेयर भूमि सरकारी अभिलेख में बंजर भूमि के नाम से दर्ज है। इस पूरे आरजी का बटवारा और सीमांकन होना बाकी है। तहसीलदार महेंद्र बहादुर ने बताया कि बिना प्रशासनिक अनुमति के ही मूर्ति लगाई गई थी लोगों को समझा बुझाकर मूर्ति हटवाया गया है। इस मौके पर थाना प्रभारी भांवरकोल संतोष कुमार राय, करीमुद्दीनपुर थाना प्रभारी रमेश कुमार, बरेसर प्रभारी धीरेंद्र कुमार सोनकर, महिला थाना प्रभारी सहित पीएसी बल मौके पर मौजूद रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


