Hindi NewsUttar-pradesh NewsGhazipur NewsCold Diarrhea Cases Surge Among Children in Ghazipur Amid Harsh Winter
ठंड की वजह से कोल्ड डायरिया की चपेट में आ रहे बच्चे

ठंड की वजह से कोल्ड डायरिया की चपेट में आ रहे बच्चे

संक्षेप:

Ghazipur News - गाजीपुर में सर्दी के कारण बच्चों में कोल्ड डायरिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रतिदिन 200 से 250 बच्चे बुखार, डिहाइड्रेशन और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं के साथ जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं और साफ पानी पिलाएं।

Nov 29, 2025 12:04 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुर
share Share
Follow Us on

गाजीपुर, संवाददाता। जनपद में बढ़ती सर्दी अब छोटे बच्चों और किशोर पर भारी पड़ने लगी है। सुबह और शाम की ठंड की वजह से कोल्ड डायरिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 200 से 250 बच्चे बुखार, डिहाइड्रेशन और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार ठंड के कारण बच्चों की रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। जिससे वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ जाते हैं और मामूली लक्षण भी तेज रूप ले लेते हैं। इसमें हर अभिभावक को सावधानी बरतते हुए बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिये।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार पिछले एक सप्ताह पूर्व तक अधिकतम सौ मरीज ही इलाज कराने के लिए आ रहे थे। लेकिन अब मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। इनमें अधिकांश पांच वर्ष तक की आयु के बच्चे शामिल हैं। कई बच्चों को दस्त के साथ तेज बुखार और उल्टी की शिकायत आई है। बाल रोग विशेषज्ञ डा. सुजीत कुमार मिश्रा का कहना है कि मौसम बदलते ही बाल रोगियों में वायरल संक्रमण और डायरिया के मामले बढ़ जाते हैं, लेकिन इस बार ठंड जल्दी बढ़ने से मरीजों की संख्या अपेक्षा से अधिक है। अभी ही 200 से 250 मरीज आ रहे है। जिनको कोल्ड डायरिया की शिकायत है। हालांकि अभी गनीमत है कि अधिक बच्चों को अस्पताल में भर्ती नहीं करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए बच्चों को गर्म कपड़े, टोपी और मोजे पहनाकर रखें। साफ और उबला हुआ पानी पिलाएं। साथ ही बाहर की ठंडी चीजों आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक या खुले भोजन से बचाएं। कम उम्र के बच्चों को भीड़भाड़ या बहुत ठंडे स्थानों पर ले जाने से बचने की सलाह दी गई है। उन्होने अभिभावकों को चेताया कि यदि समय पर इलाज न मिले तो कोल्ड डायरिया गंभीर रूप ले सकता है और बच्चों में डिहाइड्रेशन तेजी से बढ़ सकता है। बदलते मौसम और बढ़ती सर्दी को देखते हुए आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।