ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गाजीपुरमर्यादाएं तोड़कर भाजपा चला रही सीबीआई: ओपी सिंह

मर्यादाएं तोड़कर भाजपा चला रही सीबीआई: ओपी सिंह

अवैध खनन मामले की जांच कर रही सीबीआई के दावों के विरोध में सपाइयों ने तेवर तल्ख कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर लगाए जा रहे आरोपों को पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने खारिज करते हुए...

मर्यादाएं तोड़कर भाजपा चला रही सीबीआई: ओपी सिंह
हिन्दुस्तान टीम,गाजीपुरTue, 08 Jan 2019 11:24 PM
ऐप पर पढ़ें

अवैध खनन मामले की जांच कर रही सीबीआई के दावों के विरोध में सपाइयों ने तेवर तल्ख कर दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर लगाए जा रहे आरोपों को पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने खारिज करते हुए इसे भाजपा का षडयंत्र बताया। हमीरपुर की जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने खनन पट्टे की सांठगांठ को मनगढ़ंत बताया। केंद्र की भाजपा सरकार पर राजनीतिक फायदे के लिये मर्यादा तोड़कर केंद्रीय जांच एजेंसी का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया।

मंगलवार को राही पर्यटक आवास गृह में पूर्व सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने पत्रकारों और कार्यकर्ताओं के बीच सीबीआई जांच पर नाराजगी जताई। अवैध खनन घोटाले को लेकर भाजपा सरकार व मंत्रियों की तरफ से लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि भाजपा अपनी मर्यादा भूलकर खुद सीबीआई को चला रही है। झूठ, फरेब और साजिश भाजपा के चरित्र में है जिसके साथ भाजपा ने केंंद्र और प्रदेश की कुर्सी हासिल की थी। लेकिन अब जनता उनसे सावधान हो गई है।

पूर्व सांसद ओपी सिंह ने कहा, सपा-बसपा के गठबंधन की खबर से भाजपा नेतृत्व बुरी तरह बौखला गया है। भाजपा सरकार सीबीआई को कठपुतली बनाकर झूठे और अनर्गल आरोपों से बदनाम करने की साजिश कर रही है। इसका करारा जवाब जनता 2019 के लोकसभा चुनाव में देगी। सरकारों से किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं सभी परेशान हैं। पिछले उपचुनावों और हाल में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा की शिकस्त से जनता का गुस्सा सामने आ गया है।

इस दौरान पूर्व पर्यटन मंत्री के प्रतिनिधि मन्नू सिंह, सपा जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू सिंह यादव ने भाजपा के आरोपों पर नाराजगी जताई। इस दौरान मन्नू सिंह, कन्हैया लाल विश्वकर्मा, रामधारी यादव, गोपाल यादव, सदानंद यादव, चंदेश्वर यादव, दीपक सिंह, अमित सिंह काकू, जयराम यादव, अमित, विजय यादव, सरफराज खान आदि मौजूद रहे।

घोटालों की सूची हो चुकी है उजागर

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार के घोटालों की लंबी सूची अब उजागर हो चली है। 50 हजार करोड़ का अडानी पावर घोटाला, बाल्को घोटाला, दाल घोटाला, चीनी घोटाला, बुलेट ट्रेन घोटाला, कालाधन घोटाला, गड्डा मुक्त सड़क घोटाला, व्यापम घोटाला, ललित मोदी, नीरव मोदी, विजय माल्या घोटाला, अमित शाह के बेटे का घोटाला, स्वेटर जूते में घोटाला, फसल बीमा घोटाला, ईवीएम घोटाला, शौचालय घोटाला, कर्जमाफी घोटाला, प्रधानमंत्री आवास एवं उज्ज्वला घोटाले सभी के सामने आ गए हैं। सबसे बड़ा 35 हजार करोड़ का राफेल विमान खरीद घोटला है जिसकी सफाई नामुमकिन है।

सिद्धार्थ नाथ पर दिखे नाराज

मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पूर्व पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने औकात में रहने की नसीहत तक दे डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सुविधा शुल्क लेकर डॉक्टरों की पोस्टिंग करते हैं, सीएमओ बनाते हैं और दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। कुछ भी बोलने से पहले अपने गिरेबान में झांकने का काम करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें