जर्मनी ने यूपी में ड्रोन हब बनाने में दिखाई रुचि, केशव मौर्य के साथ कई कंपनियों की बैठक

Feb 26, 2026 09:31 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

जर्मनी ने यूपी में ड्रोन हब और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग विकसित करने की दिशा में रुचि दिखाई है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी में वैश्विक कंपनियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं।

जर्मनी ने यूपी में ड्रोन हब बनाने में दिखाई रुचि, केशव मौर्य के साथ कई कंपनियों की बैठक

जर्मनी ने यूपी में हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग और ड्रोन हब की दिशा में काम करने में रुचि दिखाई है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहाकि जर्मनी में हुई ये उच्चस्तरीय बैठकें यूपी को वैश्विक टेक्नोलॉजी, रक्षा विनिर्माण, दूरसंचार व स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अग्रणी स्थान दिलाने की दिशा में एक ठोस और दूरगामी कदम सिद्ध होंगी। उनके साथ कैबिनेट मंत्री (आईटी) सुनील कुमार भी गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने जापान की बहुराष्ट्रीय कंपनी फुजीकुरा लि. के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ उन्नत सेंसर प्रौद्योगिकी, स्वायत्त प्लेटफॉर्म तथा स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में उत्तर प्रदेश में प्रोटोटाइपिंग एवं उन्नत विनिर्माण इकाई स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके साथ ऑटोमोटिव व ई-व्हीकल सेक्टर के लिए स्मार्ट सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के निर्माण, स्मार्ट सिटी व डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में अनुसंधान व नवाचार आधारित सहयोग मॉडल पर चर्चा हुई। कंपनी ने प्रदेश में अपनी प्रोटोटाइपिंग तथा मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों की स्थापना को लेकर गहरी रुचि व्यक्त की।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने जर्मनी की अग्रणी ड्रोन निर्माण कंपनी क्वांटम सिस्टम जीएमबीए के साथ बैठक कर तकनीक हस्तांतरण, संभावित निवेश मॉडल तथा उत्तर प्रदेश में उन्नत ड्रोन विनिर्माण एवं अनुसंधान केंद्र स्थापित करने के अवसरों पर विस्तृत विमर्श किया। बैठक में रक्षा एवं नागरिक उपयोग के लिए अत्याधुनिक यूएवी प्रणाली के विकास, डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत औद्योगिक सहयोग तथा अनुसंधान व कौशल विकास के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर सकारात्मक संवाद हुआ। कंपनी ने अपने एकीकृत मल्टी-डोमेन ड्रोन इकोसिस्टम एवं रक्षा व नागरिक उपयोग के प्रमुख अनुप्रयोगों का प्रस्तुतीकरण किया, जिससे सहयोग की व्यापक संभावनाएं सामने आईं।

केशव प्रसाद मौर्य ने टेलीफोनिका 02 और हेंसोल्ड्ट के साथ भी महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इनमें दूरसंचार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा सहयोग, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। वार्ता के दौरान उन्नत संचार नेटवर्क, सुरक्षित कनेक्टिविटी, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक सेंसर एवं एवियोनिक्स सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर प्लेटफार्म तथा परीक्षण एवं उत्पादन हब की स्थापना की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

कंपनी प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के डिफेंस कॉरिडोर, मजबूत औद्योगिक स्थिति और निवेश-अनुकूल नीतियों की सराहना करते हुए प्रदेश में दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाओं पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा पारदर्शी औद्योगिक नीतियां निवेशकों के लिए आदर्श वातावरण प्रदान कर रही हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।