Gauriganj News: पानी की टंकी के पास मिला युवक का शव,हत्या का आरोप
Gauriganj News: शुकुल बाजार के सधारमऊ गांव में एक युवक का शव नवनिर्मित पानी की टंकी के पास मिला। युवक चार दिन पहले मुंबई से घर आया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने आकाशीय बिजली गिरने से मौत की संभावना बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Gauriganj News: शुकुल बाजार। संवाददाता थाना क्षेत्र के टेवसी ग्राम पंचायत के सधारमऊ गांव में गुरुवार की शाम नवनिर्मित पानी की टंकी के पास युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक चार दिन पहले ही मुंबई से घर आया था। शव पर सिर में चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रथम दृष्टा आकाशीय बिजली गिरने से मौत की आशंका जता रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही जा रही है。
शव की पहचान और जांच
थाना क्षेत्र के तकिया बदलगढ़ मजरे अहमदपुर निवासी 25 वर्षीय मो. आबिद अली पुत्र असगर अली गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पत्नी से सुबेहा बाराबंकी दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। पत्नी सबरीन ने बताया कि घर से निकलने से पहले आबिद ने उसे अपने हाथों से खाना खिलाया और अनार भी खिलाया था। इसके बाद वह दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ घंटे बाद शाम करीब सात बजे परिजनों को सधारामऊ गांव में नवनिर्मित पानी की टंकी के पास उसका शव पड़ा होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की हालत देखी तो सिर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
परिवार की प्रतिक्रिया और पुलिस की कार्रवाई
मृतक के भाई नाजिम अली ने पुलिस को तहरीर देकर भाई की हत्या किए जाने अथवा हत्या कराए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। आबिद मुंबई में बेकरी में काम करता था और चार दिन पहले ही घर लौटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टा आकाशीय बिजली गिरने से मौत की आशंका है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मृतक के भाई की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है。


