Hindi NewsUttar-pradesh NewsGauriganj NewsViolence Erupts Over Children s Dispute in Sangrampur Three Injured
अमेठी-बच्चों के झगड़े में दो पक्षों में चले लाठी डंडे, तीन घायल

अमेठी-बच्चों के झगड़े में दो पक्षों में चले लाठी डंडे, तीन घायल

संक्षेप: Gauriganj News - संग्रामपुर के ठेंगहा गांव में बच्चों के मामूली झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसमें तीन लोग घायल हुए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया,...

Fri, 24 Oct 2025 05:39 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गौरीगंज
share Share
Follow Us on

संग्रामपुर। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठेंगहा में शुक्रवार की सुबह बच्चों के मामूली झगड़े ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष से दो लोग तथा दूसरे पक्ष से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायलों को सीएचसी ले जाने पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर जांच शुरू की है। ठेंगहा में बच्चों के विवाद में हुई मारपीट में एक पक्ष के ध्रुव पाण्डेय (12 वर्ष) पुत्र महेश पाण्डेय तथा कांति तिवारी (55 वर्ष) पत्नी शेषधर तिवारी घायल हो गई।

वहीं दूसरे पक्ष के संगम सिंह पुत्र शिव प्रताप सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। ध्रुव पांडेय व कांति तिवारी के सिर में गहरी चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने घायलों को सीएचसी संग्रामपुर पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए प्रथम पक्ष से कांती देवी तथा द्वितीय पक्ष से संगम सिंह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संग्रामपुर अखिलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। एसएचओ ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्जकर विधिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं घटना के बाद से ही गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिसे देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।