ग्रामीणों ने कोटेदार के घर पर किया प्रदर्शन
अमेठी। संवाददाता संग्रामपुर विकास खंड के करौंदी ग्राम पंचायत में खाद्यान्न न पाने से...
अमेठी। संवाददाता
संग्रामपुर विकास खंड के करौंदी ग्राम पंचायत में खाद्यान्न न पाने से नाराज ग्रामीणों ने कोटेदार के घर पर प्रदर्शन किया। जिसके बाद कोटेदार ने खाद्यान्न का वितरण शुरू कर दिया। वहीं एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
दशहरा का पर्व नजदीक है। लेकिन संग्रामपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत करौंदी में खाद्यान्न का वितरण नहीं किया गया। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कोटेदार के घर पहुंच गए और खाद्यान्न की मांग करने लगे। ग्रामीण राजीव, राम गरीब, श्यामलाल, बड़का, हुबलाल आदि ने बताया कि दशहरा पर्व पर भी खाद्यान्न नहीं मिला। इसलिए वह लोग कोटेदार के घर जाकर खाद्यान्न की मांग कर रहे हैं। कोटेदार ने ग्रामीणों को खाद्यान्न न होने की जानकारी दिया तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन की जानकारी होते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरिशंकर यादव ने कोटेदार के यहां पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। वहीं ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कोटेदार ने खाद्यान्न बांटना शुरू कर दिया। कोटेदार सीताराम ने बताया उसे खाद्यान्न कम मिला था। जो खाद्यान्न मिला है उसे बांट रहा हूं।
कराई जाएगी जांच
करौंदी ग्राम पंचायत में खाद्यान्न न बांटने तथा ग्रामीणों के प्रदर्शन की जानकारी होते ही उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी ने पूर्ति निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
