
सहकारी समितियों पर खाद के लिए पसीना बहा रहे किसान
Gauriganj News - अमेठी में किसानों को धान की फसल के लिए यूरिया की कमी का सामना करना पड़ रहा है। साधन सहकारी समितियों पर यूरिया की मांग के अनुसार आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे किसान घंटों लाइन में खड़े होकर भी खाली हाथ...
अमेठी। धान की फसल के लिए इस समय यूरिया की जरूरत है। किसानों को साधन सहकारी समितियों पर मांग के अनुरूप यूरिया नहीं मिल पा रही है। किसान घंटों यूरिया के लिए पसीना बहा रहे हैं। खाद की किल्लत को लेकर हिन्दुस्तान ने अलग-अलग साधन सहकारी समितियों पर सोमवार को पड़ताल की। सोमवार को दक्खिनगांव क्यार समिति पर यूरिया वितरण के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मांग के अनुपात में मात्र 300 बोरी यूरिया मिलने से हालात बिगड़ गए और सचिव जितेंद्र कुमार शुक्ला को वितरण रोकना पड़ा। समिति अध्यक्ष राजेश पांडे ने बताया कि अव्यवस्था रोकने के लिए प्रशासन व पुलिस से सहयोग मांगा गया है।
किसानों का कहना है कि समिति पर खाद का भरोसा रहता है, परंतु स्टॉक खत्म होने से उन्हें बार-बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसान रामपाल ने कहा कि सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन यूरिया नहीं मिली। अन्य किसानों ने निजी दुकानदारों पर जरूरत का फायदा उठाकर महंगे दाम वसूलने का आरोप लगाया। इसी तरह भादर क्षेत्र में भी यूरिया संकट गहराता जा रहा है। खरगपुर, भदांव, ढेमा, भादर और टीकरमाफी की समितियों पर बीते शुक्रवार को आया स्टॉक कुछ ही घंटों में खत्म हो गया। देर शाम तक लाइन में लगे कई किसान खाली हाथ लौटे। प्राइवेट दुकानदारों के पास भी यूरिया नहीं मिलने से किसान दर-दर भटक रहे हैं। विकास खंड संग्रामपुर में भी यही स्थिति है। यहां सभी सहकारी समितियों और इफको केंद्रों पर यूरिया नदारद है। इफको केंद्र संग्रामपुर के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि बुधवार से शनिवार के बीच आपूर्ति हो जाएगी। वहीं गोरखापुर समिति के प्रभारी निर्भय सिंह ने भी बताया कि बुधवार तक यूरिया उपलब्ध होने की संभावना है। कोट जिले को 930 एमटी यूरिया प्राप्त हुई है। 614 एमटी यूरिया साधन सहकारी समिति को भेजी जा रही है। यूरिया की कोई किल्लत नहीं है। राजेश कुमार जिला कृषि अधिकारी, अमेठी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




