बिजली कटौती से उपभोक्ता बेहाल, जागकर काट रहे रात

हिन्दुस्तान, गौरीगंज
Follow us on Google News
share

शुकुल बाजार में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली की लगातार कमी से ग्रामीणों और सभी वर्गों पर बुरा असर पड़ा है। कई घंटों तक बिजली नहीं मिलने से लोग रात में जागते हैं। पुराने विद्युत तारों और ट्रांसफार्मरों के कारण बार-बार फाल्ट हो रहे हैं, जिससे घरेलू कार्य और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

बिजली कटौती से उपभोक्ता बेहाल, जागकर काट रहे रात

शुकुल बाजार, संवाददाता। रोस्टर के अलावा हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली आने-जाने से ग्रामीणों के साथ ही हर वर्ग प्रभावित और परेशान है। हालात यह है कि उपभोक्ताओं को रात में चार घंटे भी लगातार बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों को रतजगा करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक परेशान हैं। विकासखंड शुकुल बाजार की 54 ग्राम पंचायतों की दो लाख से अधिक आबादी को महोना, बाजार शुकुल और सत्थिन विद्युत उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति की जाती है। क्षेत्र का सबसे पुराना महोना विद्युत उपकेंद्र वर्ष 1966 में स्थापित किया गया था।

इसके बाद आबादी और उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने पर दो अन्य उपकेंद्र बनाए गए। लेकिन बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। जर्जर विद्युत तारों और पोल को बदलकर बंद केबिल लगाने का अभियान क्षेत्र में पूरी तरह बेअसर रहा। अधिकांश विद्युत तार, पोल और ट्रांसफार्मर जर्जर हो चुके हैं। हल्की हवा और बारिश में भी फाल्ट होने लगते हैं। जिससे कई घंटे तक आपूर्ति बाधित रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन और रात में कई बार बिजली कटने से घरेलू कामकाज के साथ पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं किसानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर पुराने तार झूल रहे हैं और ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। जिससे आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। लोगों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। इसे लेकर एसडीओ राजेश चौहान ने कहा कि ऊपर स्तर से जितनी विद्युत आपूर्ति मिलती है, उतनी ही उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाती है। गर्मी बढ़ने से लोड अधिक होने के कारण कई स्थानों पर फाल्ट की समस्या सामने आ रही है। शिकायत मिलने पर कर्मचारियों को मौके पर भेजकर आपूर्ति बहाल कराई जाती है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।