आरओ/एआरओ परीक्षा में अमेठी के दो युवा टॉप-10 में: शिवांशु 6वीं, शिवम 10वीं रैंक
Gauriganj News - उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आरओ/एआरओ परीक्षा 2023 में अमेठी के शिवांशु शर्मा ने 6वीं और शिवम शुक्ला ने 10वीं रैंक प्राप्त की। शिवांशु ने ऑनलाइन अध्ययन के जरिए सफलता हासिल की, जबकि शिवम ने कोचिंग के जरिए तैयारी की। दोनों की उपलब्धियों पर उनके गांवों में जश्न मनाया गया।

अमेठी,संवाददाता। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आरओ/एआरओ परीक्षा 2023 के घोषित परिणाम में अमेठी जनपद के भेटुआ विकासखंड के दो होनहार युवाओं ने प्रदेश स्तर पर अपना परचम लहराया है। दोनों अभ्यर्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाते हुए समीक्षा अधिकारी (RO) पद पर चयन सुनिश्चित किया। भेटुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत शिवगढ़ जलालपुर के संड़िला गांव के रहने वाले शिवांशु शर्मा ने पूरे उत्तर प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया। उनके पिता राम सजीवन शर्मा आवास विकास विभाग में रिटायर्ड ड्राइंग इंजीनियर हैं और माता सावित्री शर्मा गृहिणी हैं। शिवांशु ने वर्ष 2020 में तैयारी का सफर शुरू किया और लखनऊ स्थित अपने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से अध्ययन जारी रखा।
इससे पहले उनका चयन भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क और रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर भी हो चुका है। भविष्य में वे आईपीएस अधिकारी बनने का सपना संजोए हुए हैं। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने ईश्वर की कृपा, माता-पिता के आशीर्वाद और परिवार के अटूट सहयोग को दिया। उनकी सफलता की खुशी में गांव में मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया।वहीं पड़ोसी ग्राम पंचायत टिकरी के श्री का पुरवा गांव निवासी शिवम शुक्ला ने 10वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। उनके पिता विनोद शुक्ला रणछोर इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और माता वृजलेश शुक्ला गृहिणी हैं। शिवम ने प्रयागराज (इलाहाबाद) में रहकर कोचिंग के जरिए अपनी तैयारी पूरी की। उनकी सफलता पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


