शादी की खुशियां मातम में बदलीं: सामान लेने निकले पिता समेत दो की बाइक भिड़ंत में मौत, दो घायल

Newswrap हिन्दुस्तान, गौरीगंज
share

Gauriganj News - अमेठी में एक दुखद सड़क हादसे में बेटी की बारात आने से पहले पिता गौतम की मृत्यु हो गई। दो बाइकों की टक्कर में गौतम और उसके साथी आसाराम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: सामान लेने निकले पिता समेत दो की बाइक भिड़ंत में मौत, दो घायल

अमेठी, संवाददाता। जिस घर में बेटी की बारात आनी थी, उसी घर में शाम होते-होते मातम पसर गया, बेटी का पिता सड़क हादसे में चल बसा और खुशियां आंसुओं में बदल गईं।उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम कस्बा स्थित आर एल ढाबे के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पूरे अमृत लाल पंडित का पुरवा मजरे मुबारकपुर निवासी गौतम (40 वर्ष) की पुत्री मनीषा की शुक्रवार को बारात आनी थी।

गौतम अपने गांव के ही आसाराम (35 वर्ष) के साथ बाइक से शादी का सामान लेने जगदीशपुर कस्बा जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आर एल ढाबा के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।सड़क हादसे में गौतम और आसाराम के साथ दूसरी बाइक पर सवार डोमाडीह निवासी बबलू उर्फ विनय तथा उनका भांजा दुर्गेश निवासी मिश्र का पुरवा, बढ़ोली गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने गौतम और आसाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं बबलू उर्फ विनय की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि दुर्गेश का इलाज जारी है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।