Gauriganj News: गड्ढे में भरे पानी में मिला युवक का शव
Gauriganj News: मुंशीगंज के जामों-भादर मार्ग पर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में 38 वर्षीय सोनू कश्यप का शव मिला। सोनू अपनी बहन की तेरहवीं में शामिल होने गए थे। युवाओं ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोनू के पीछे तीन बच्चे और बड़ा परिवार है।

Gauriganj News: मुंशीगंज। कोतवाली क्षेत्र के जामों-भादर मार्ग पर गुरुवार सुबह सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय सोनू कश्यप निवासी शिवगढ़, घोरहा, भादर के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जामों-भादर चौराहे से करीब 800 मीटर आगे भादर की ओर सड़क किनारे एक गड्ढे में कमर तक पानी भरा था। गुरुवार सुबह दौड़ने निकले युवाओं ने पानी में एक शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परतोष चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को जानकारी दी। मृतक के बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि सोनू बुधवार को अपनी बहन रेखा की ससुराल पूरब दुआरा में तेरहवीं में शामिल होने गया था। इसके बाद गुरुवार सुबह उसका शव मिलने की जानकारी मिली। सोनू की मां का नाम ललिता है। वह पांच भाइयों और तीन बहनों में से एक था। सभी की शादी हो चुकी है। सोनू की पत्नी माया है और उसके तीन बच्चे हैं। इनमें श्लोक (11), आयुष (9)और तमन्ना (7) शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होने से युवक गड्ढे में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। शव का पीएम कराया जा रहा है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रचलित है।


