
आवारा कुत्तों के हमले में पांच और लोग घायल
Gauriganj News - शुकुल बाजार में शनिवार शाम से रविवार तक आवारा कुत्तों के हमले में पांच लोग घायल हुए हैं। पिछले चार दिनों में कुल 57 लोग कुत्तों के काटने से घायल हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोग दहशत में हैं और प्रशासन से मदद की मांग कर रहे हैं।
शुकुल बाजार। संवाददाता शनिवार शाम से रविवार तक आवारा कुत्तों के हमले में पांच और लोग घायल होकर अस्पताल पहुंचे हैं। वहीं बीते चार दिनों में कुत्तों के काटने से घायल होने वालों की संख्या 57 हो चुकी है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है। आवारा कुत्ते झुंड में कस्बों में सड़कों पर टहल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। शनिवार देर शाम से रविवार तक अलग-अलग गांवों में कुत्तों के हमलों में पांच लोग घायल होकर सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचे। इससे पहले गुरुवार को 18 और शुक्रवार को 23 लोग कुत्तों के हमले में घायल हुए थे।

इसके बाद शनिवार को 11 और लोग शिकार बने। इस तरह चार दिनों में अब तक 57 लोग कुत्तों के काटने से घायल हो चुके हैं। वहीं एक दिसंबर से अब तक सीएचसी बाजार शुकुल में कुल 134 लोग कुत्ते, बिल्ली और बंदर के काटने से उपचार के लिए पहुंच चुके हैं। सभी घायलों को एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। स्वास्थ्य विभाग घायलों का उपचार कर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है, लेकिन आवारा कुत्तों पर आवश्यक नियंत्रण अभियान अब तक शुरू नहीं हो सका है। पशुपालन विभाग, नगर एवं ग्रामीण प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों में लगातार हो रहे हमलों को लेकर दहशत का माहौल है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने नहीं दे रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर संयुक्त अभियान चलाने की मांग की है। बोले सीएचसी अधीक्षक सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की भूमिका उपचार तक सीमित है। कुत्तों के हमले रोकने और नियंत्रण की कार्रवाई संबंधित प्रशासनिक और पशुपालन विभागों के स्तर से की जानी है। कुत्ते के काटने से घायल सभी मरीजों को समय पर एंटी-रैबीज इंजेक्शन और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है। इस संबंध में पशुपालन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




