भीषण गर्मी में बिजली कटौती से उपभोक्ता बेहाल
अमेठी में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली सप्लाई का दावा किया जा रहा है, लेकिन हकीकत में केवल 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। उपभोक्ताओं को कटौती की कोई सूचना नहीं मिलती है।
अमेठी, संवाददाता। जिले का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। ऐसे में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बिजली की मांग जहां बढ़ गई है, वहीं विभाग द्वारा लगातार अघोषित कटौती जारी है। शहर से लेकर गांव तक कहीं भी निर्धारित रोस्टर का पालन नहीं हो पा रहा है। बार-बार हो रही कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। जिला मुख्यालय गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, जायस, तिलोई और संग्रामपुर सहित कई क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा खराब है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे आपूर्ति का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन हकीकत में 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कटौती की कोई सूचना नहीं दी जाती है। घंटों बिजली गुल रहती है। जिससे पीने के पानी तक की समस्या खड़ी हो जाती है। बिजली न मिलने से लोगों को रात भर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। किसानों को भी धान की बेहन की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। वहीं जिला मुख्यालय पर 24 घंटे की जगह 18-20 घंटे की आपूर्ति ही हो रही है। वह भी दिन और रात में कई बार काट दी जाती है। बिजली कटौती से दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


