Gauriganj News: स्वास्थ्य केंद्रों पर लगातार बढ़ रही मरीजों की भीड़
Gauriganj News: अमेठी में मौसम में बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की लंबी लाइनें लग रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, बुखार, खांसी, और अन्य संक्रमणों से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू और स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्क है।

Gauriganj News: अमेठी। संवाददाता मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी और पीएचसी तक में मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। पंजीकरण काउंटर से लेकर डॉक्टर के कक्ष और जांच केंद्रों पर भीड़ के चलते मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं भीड़ के चलते सभी मरीजों निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या
जिला अस्पताल के ही आंकड़ों पर गौर करें तो सोमवार को कुल 1108 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिसमें सबसे ज्यादा 613 मरीज बुखार से ग्रस्त थे। इसके साथ 209 मरीज खांसी सर्दी-जुकाम व एलर्जी से पीड़ित पाये गए। वहीं उल्टी दस्त व डिहाइड्रेशन समेत अन्य बीमारी से पीड़ित मरीज भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। सीएमएस डा. बीपी अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों में बड़ी संख्या मौसमी संक्रमण और बुखार से पीड़ितों की है। सभी मरीजों को निशुल्क परामर्श जांच व दवा आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। लेकिन हालात ये हैं सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों कि हालत चिंताजनक है। मरीजों को दवा व जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है।
डेंगू व स्वाइन फ्लू को लेकर महकमा सतर्क
डेंगू व स्वाइन फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा सतर्क है। सीएमओ डा. अंशुमान सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल सहित सीएचसी, पीएचसी तथा रेफरल हॉस्पिटल में अलग वार्ड बनाया गया है। दवा, जांच तथा ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।
सीएचसी संग्रामपुर में लगी मरीजों की भीड़
संग्रामपुर संवाद के अनुसार वायरल फीवर और संक्रमण के मामले अचानक बढ़ रहे हैं। सीएचसी संग्रामपुर की पैथोलॉजी लैब में सोमवार को भीड़ इकट्ठा हो गई। आम दिनों में लगभग 60 से 100 तक लोग जांच कराते हैं। लेकिन सोमवार को यह संख्या बढ़कर 150 से 200 तक पहुंच गया। अधिकांश मरीज बुखार खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि इस मौसम में भीगने से बचना चाहिए नहीं तो वायरल और बैक्टीरिया इंफेक्शन का खतरा बना रहेगा।


