धूमधाम से मनाई गई राजीव गांधी की 81वीं जयंती
Gauriganj News - अमेठी में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 81वीं जयंती बड़े उत्साह से मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें साइकिल दौड़ प्रतियोगिता, सम्मान समारोह और गोष्ठी शामिल हैं। विजेताओं...

अमेठी। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 81वीं जयंती जनपद में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गोष्ठी, प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि ज्ञापित की। राजीव गांधी संदेश साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जो सैंठा से शुरू होकर गौरीगंज सब्जी मंडी तक संपन्न हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें मुंशीगंज के मुलायम सिंह यादव ने प्रथम स्थान, तिलोई के विक्की यादव ने द्वितीय और प्रदीप यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को सम्मानित करते हुए कार्यक्रम संयोजक अनिल सिंह ने कहा कि राजीव गांधी युवाओं की शक्ति और तकनीकी प्रगति को भारत के भविष्य की नींव मानते थे। आज की साइकिल दौड़ उनके संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास है। इसी क्रम में जिला पुस्तकालय, गौरीगंज में कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अनुराग सिंह के संयोजन में सद्भावना सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल मौजूद रहे। समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य स्वामी शरण सिंह, के.डी. द्विवेदी, मुनीर खां सहित कई गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही 51 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश सेनानी ने जिला अस्पताल में फल वितरित किया। कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि राजीव गांधी जी ने आधुनिक भारत की नींव रखी थी और अमेठी की धरती उनके योगदान के लिए सदैव गौरवान्वित रहेगी। कार्यक्रम में बैजनाथ तिवारी, राम मिलन पथिक, शत्रुघ्न सिंह, सुनील सिंह, शुभम सिंह, सुमित तिवारी, शकील इदरीशी समेत कई लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




