Gauriganj News: बारिश में बह गई मां कामाख्या भवानी जाने वाली सड़क
Gauriganj News: लगातार बारिश के कारण पांडेगंज से अयोध्या मार्ग पर स्थित मां कामाख्या भवानी धाम के मार्ग में बड़े पैमाने पर क्षति हो गई है। पितई गांव के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया है, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा मरम्मत का आश्वासन दिया गया है।

Gauriganj News: शुकुल बाजार। संवाददाता लगातार हुई बारिश से पांडेगंज से अयोध्या मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध मां कामाख्या भवानी धाम जाने वाला मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर बह गया है। पूरे पितई गांव के पास सड़क का बड़ा हिस्सा कटकर बह जाने से गहरा गड्ढा बन गया है। इससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।ग्रामीणों के मुताबिक बारिश का पानी सड़क के किनारे तेज बहाव के साथ गुजरने से सड़क का काफी हिस्सा कटकर बह गया। मार्ग पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ होने से दोपहिया व चारपहिया वाहनों के निकलने में भी दिक्कत हो रही है।
क्षतिग्रस्त हिस्से के चलते हादसे का खतरा बना हुआ है। गौरतलब है कि मां कामाख्या भवानी धाम में दर्शन-पूजन के लिए अमेठी समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सोमवार और शुक्रवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में मार्ग क्षतिग्रस्त होने से श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आरईएस विभाग के अभियंता रवि यादव ने बताया कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्ग की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाएगी।


