Gauriganj News: पटरी पर नहीं आ रही शुकुल बाजार की बिजली व्यवस्था, लाखों उपभोक्ता परेशान

हिन्दुस्तान, गौरीगंज
Follow us on Google News
share

Gauriganj News: अमेठी के शुकुल बाजार विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था लगातार पटरी से उतरी हुई है।

पटरी पर नहीं आ रही शुकुल बाजार की बिजली व्यवस्था, लाखों उपभोक्ता परेशान

Gauriganj News: शुकुल बाजार, अमेठी. संवाददाता। शुकुल बाजार विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था लगातार पटरी से उतरी हुई है। शुक्रवार देर रातएक बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पूरे भाले गांव के अंडरपास के पास 33 केवी मुख्य लाइन के भूमिगत केबल बॉक्स में आग लगने से बड़ा फॉल्ट हो गया। इससे शुकुल बाजार उपकेंद्र से होने वाली बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। समाचार लिखे जाने तक शनिवार दोपहर 12 बजे तक फॉल्ट दूर नहीं हो सका था और आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।

बिजली कटौती के प्रभाव

कस्बे सहित दर्जनों गांवों के करीब डेढ़ लाख उपभोक्ता उमस भरी गर्मी में रातभर परेशान रहे। शुक्रवार रात रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद उमस और बढ़ गई। पूरी रात बिजली न रहने से लोगों को गर्मी और मच्छरों के बीच जागकर रात बितानी पड़ी। लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से अधिकांश घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहरा गया, क्योंकि मोटरें नहीं चल सकीं। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें पहले ही बढ़ा रखी हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि रोस्टर के अनुरूप बिजली नहीं मिल रही है, जिससे घरेलू कामकाज के साथ छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं।

खेती-किसानी पर असर

अनियमित बिजली का असर खेती-किसानी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बिजली चालित ट्यूबवेल पर्याप्त समय तक नहीं चल पाने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। किसान रामदीन, अयूब बेग और दशरथ शुक्ल ने बताया कि बेहन तैयार है, लेकिन समय पर सिंचाई नहीं होने से रोपाई लगातार पिछड़ रही है।

सरकारी कार्यालयों में कामकाज पर असर

बिजली बाधित रहने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक कार्यालय, थाना, बैंक और अन्य सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा। कई स्थानों पर कंप्यूटर आधारित कार्य और ऑनलाइन सेवाएं ठप रहीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे शुकुलन निवासी राम प्रसाद ने कहा कि लगातार अघोषित कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। शुभम गुप्ता और हरिकेश तिवारी ने बताया कि पूरा बिल देने के बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। किसान नेता देवी दयाल शर्मा ने कहा कि बिजली संकट से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है, जबकि व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि कटौती से व्यापार और सिंचाई दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

बिजली आपूर्ति की स्थिति

एसडीओ राजेश चौहान ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पूरे भाले गांव के पास 33 केवी मुख्य लाइन के भूमिगत केबल बॉक्स में फॉल्ट आने से शुकुल बाजार उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। तकनीकी टीम मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक फॉल्ट पूरी तरह ठीक नहीं हो सका था। आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

सामान्य प्रश्न

✦शुकुल बाजार में बिजली आपूर्ति कब ठप हुई?−
शुकुल बाजार में बिजली आपूर्ति शुक्रवार देर रात एक बजे ठप हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsGauriganj NewsGauriganj News: पटरी पर नहीं आ रही शुकुल बाजार की बिजली व्यवस्था, लाखों उपभोक्ता परेशान