Gauriganj News: 33 केवी लाइन का भूमिगत बाक्स जला, बिजली आपूर्ति ठप
Gauriganj News: शुकुल बाजार में विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था में शुक्रवार रात एक फॉल्ट के कारण वृहद मात्रा में कटौती की गई। इससे कस्बे और आस-पास के गांवों के करीब डेढ़ लाख उपभोक्ता उमस भरी गर्मी में रातभर परेशान रहे। बिजली कटौती से धान की रोपाई भी प्रभावित हुई, जिससे किसान चिंतित हैं।

Gauriganj News: शुकुल बाजार। संवाददाता शुकुल बाजार विद्युत उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था लगातार पटरी से उतरी हुई है। शुक्रवार देर रात एक बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पूरे भाले गांव के अंडरपास के पास 33 केवी मुख्य लाइन के भूमिगत केबल बॉक्स में आग लगने से बड़ा फॉल्ट हो गया। इससे उपकेंद्र से होने वाली बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जो शनिवार की अपरान्ह लगभग तीन बजे जाकर बहाल हुई। तब तक कस्बे सहित दर्जनों गांवों के करीब डेढ़ लाख उपभोक्ता उमस भरी गर्मी में रातभर परेशान रहे। लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से अधिकांश घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहरा गया।
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती
क्षेत्र में पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें पहले ही बढ़ा रखी हैं। ऊपर से शुक्रवार की रात 33 केवी लाइन का भूमिगत बाक्स जल जाने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई। आधी रात में ही बिजली गुल हो जाने से लोग बेहाल हो गए। वहीं विभागीय अधिकारी लाइन ठीक कराने में जुट गए। लोगों ने किसी तरह हाथ पंखा झलते हुए जागकर रात बिताई।
धान की रोपाई पर भी संकट
अनियमित बिजली का असर खेती-किसानी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बिजली चालित ट्यूबवेल पर्याप्त समय तक नहीं चल पाने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। किसान रामदीन, अयूब बेग और दशरथ शुक्ल ने बताया कि बेहन तैयार है, लेकिन समय पर सिंचाई नहीं होने से रोपाई लगातार पिछड़ रही है। वही पूरे शुकुलन निवासी राम प्रसाद ने कहा कि लगातार अघोषित कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। शुभम गुप्ता और हरिकेश तिवारी ने बताया कि पूरा बिल देने के बावजूद पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। किसान नेता देवी दयाल शर्मा ने कहा कि बिजली संकट से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है, जबकि व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि कटौती से व्यापार और सिंचाई दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
बोले जिम्मेदार
एसडीओ राजेश चौहान ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पूरे भाले गांव के पास 33 केवी मुख्य लाइन के भूमिगत केबल बॉक्स में फॉल्ट आने से शुकुल बाजार उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य कराकर आपूर्ति बहाल करा दिया है।
बार-बार ट्रिपिंग से लोग परेशान
जिला मुख्यालय गौरीगंज में शुक्रवार से लगातार खराब रही विद्युत आपूर्ति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बार-बार ट्रिपिंग और लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आम जनजीवन प्रभावित रहा। हनुमान तिराहा, वार्ड क्षेत्र, कोतवाली, पुलिस कार्यालय समेत आसपास के कई इलाकों में बिजली की आवाजाही बनी रही, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। बार-बार बिजली कटने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे व्यापारियों का काम भी प्रभावित हुआ। उमस भरी गर्मी में बिजली न रहने से लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
चार घंटे बंद रहा एक्सरे
संग्रामपुर संवाद के अनुसार बिजली गुल होने सीएचसी संग्रामपुर में शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे बिजली गायब हो गई। जो दोपहर करीब एक बजे वापस आई। जिससे एक्सरे का काम 4 घंटे तक ठप रहा। बिजली आने के बाद लगभग 15 मरीजों का एक्स-रे किया गया।


