बाईपास मार्ग पर बने गड्ढों से राहगीर परेशान
Gauriganj News - अमेठी में सुल्तानपुर-रायबरेली राजमार्ग को जोड़ने वाले बाईपास की स्थिति बहुत खराब हो गई है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, जिससे एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी मुश्किल हो रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग की है।
अमेठी, संवाददाता। सुल्तानपुर-रायबरेली राजमार्ग को अमेठी रोड से जोड़ने वाले बाईपास मार्ग की हालत इन दिनों काफी खराब हो गई है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन जाने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह बाईपास जिला अस्पताल और महिला थाना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिसके चलते यहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। बाईपास पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को मजबूरन धीमी गति से चलना पड़ता है। कई स्थानों पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि दोपहिया वाहन सवारों के गिरने का खतरा बना रहता है।
एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी यहां से गुजरने में कठिनाई हो रही है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज मिलने में विलंब की आशंका रहती है। तेजी का पुरवा के पास सड़क लगभग गड्ढे में तब्दील हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाईपास मार्ग की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि सड़क की अनदेखी के चलते आए दिन वाहन खराब हो रहे हैं और यात्रियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बाईपास मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। साथ ही गड्ढों को भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि जिला अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, महिलाओं और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




