अमेठी-प्राइवेट लाइनमैन ने पुलिस पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
अमेठी में एक प्राइवेट लाइनमैन पर पुलिस ने पूछताछ के दौरान मारपीट का आरोप लगाया है। लाइनमैन ने कहा कि उसे चोटें आई हैं, जबकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपों को निराधार बताया। इस मामले में भीम आर्मी ने भी हस्तक्षेप किया है।

अमेठी। पांच दिन पूर्व जामो कोतवाली क्षेत्र के पूरे कंडी गौरा में चलती लाइन में प्लेटफार्म पर रखे ट्रांसफार्मर के टुकड़े कर उसमें से लाखों मूल्य के बाइंडिंग व तेल चोरी होने के मामले में पुलिस एक प्राइवेट लाइनमैन को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। शनिवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ लाइनमैन ने पुलिस पर पिटाई पर प्रताड़ना का आरोप लगा दिया। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के पास पूछताछ करने की बात कहते हुए लाइनमैन के आरोपों को असत्य और निराधार करार दिया है। 23 मार्च को अवर अभियंता विद्युत उपकेन्द्र जामो प्रेमचन्द्र सिंह कुशवाहा ने कोतवाली जामो में तहरीर देकर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त कर उसमें से बाइन्डिंग व तेल चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्जकर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जिसने ट्रांसफार्मर तोड़कर चोरी की होगी वह बिजली का जानकार होगा और उसे चोटें भी आई होंगी। इसी आधार पर पुलिस ने गोपनीय सूचना एकत्र कर प्राइवेट लाइनमैन का काम करने वाले अलीपुर निवासी खुशीराम को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस ने खुशीराम से उसके हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों पर लगी चोटों के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि लकड़ी लेकर जाते समय गिर जाने से उसे चोटें आई थीं। पूछताछ के दौरान ही खुशीराम ने तबीयत बिगड़ने की बात कही तो पुलिस ने जिला अस्पताल लाकर उसका इलाज कराया और बाद में उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। मामले में शनिवार को नया मोड़ तब आ गया जब भीम आर्मी के प्रदेश महामंत्री कार्यकर्ताओं के साथ खुशीराम के घर पहुंच गए और पुलिस पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप लगाने लगे। उन्होंने फोन से खुशीराम के परिजनों से भीम आर्मी चीफ चन्द्रशेखर आजाद से भी बात कराई। वहीं जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डाक्टर व खुशीराम के बीच बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें डाक्टर के पूछने पर खुशीराम घर पर लकड़ी लादने के दौरान चोट लगने की बात कह रहा है। बहरहाल हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।कोट-खुशीराम से पुलिस ने जहां पूछताछ की थी वहां सीसीटीवी कैमरा लगा है। पुलिस ने उसे पहले से लगी चोटों के संबंध में पूछताछ की थी। डाक्टर से भी खुशीराम ने लकड़ी से चोट लगने की बात बताई थी। पुलिस ने उसके साथ कोई मारपीट और अभद्रता नहीं किया है।सरवणन टी, एसपी अमेठी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


