संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव
अमेठी के निरहीगढ़ गांव में एक अधेड़ व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान राम विलास पासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अमेठी, संवाददाता। उत्तर प्रदेश में अमेठी के शुक्ल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुर ग्राम पंचायत के निरहीगढ़ गांव के पास बुधवार की देर शाम एक अधेड़ व्यक्ति का शव आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान निरहीगढ़ गांव निवासी राम विलास पासी (50), पुत्र छीटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब सात बजे कुछ ग्रामीणों की नजर जल जीवन मिशन की पानी टंकी के निकट स्थित आम के पेड़ पर पड़ी, जहां एक व्यक्ति का शव लटकता दिखा।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया, पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया।घटना की खबर फैलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन शोक में डूबे रहे और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और ग्रामीणों के बीच संशय का माहौल बना रहा। थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


