
एसडीएम के विरोध में महापंचायत की तैयारी
Gauriganj News - मुसाफिरखाना। संवाददाता तहसील परिसर में एसडीएम अभिनव कनौजिया के विरोध में अधिवक्ताओं का आंदोलन
मुसाफिरखाना। संवाददाता तहसील परिसर में एसडीएम अभिनव कनौजिया के विरोध में अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को भी बार एसोसिएशन अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो महापंचायत बुलाई जाएगी। अधिवक्ताओं का आक्रोश बीते 30 दिसंबर से जारी है, जिसके चलते तहसील में न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है और वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार एसोसिएशन का कहना है कि एसडीएम की कार्यप्रणाली को लेकर कई बार आपत्ति जताई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बार अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल ने बताया कि प्रस्तावित महापंचायत में आसपास के जिलों के अधिवक्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। इस महापंचायत के माध्यम से आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा और आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों का निराकरण नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। मुसाफिरखाना के अधिवक्ताओं के समर्थन में बाराबंकी, प्रतापगढ़, अमेठी सहित अन्य जिलों के अधिवक्ताओं ने भी न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं किया, जिससे आंदोलन को बल मिला है। प्रदर्शन के दौरान राजन सिंह, संजय शुक्ल, संजय मिश्र, केके सिंह, अंजनी मिश्रा, रमेश मिश्रा, रमानाथ तिवारी, दुर्गा शंकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




