रोजगार मेले में 39 युवाओं को मिला जॉब ऑफर
Gauriganj News - अमेठी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया गया। 98 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिसमें से 39 को डिक्शन कंपनी ने 16 हजार रुपये से अधिक के पैकेज पर नौकरी का प्रस्ताव दिया। अन्य कंपनियों ने भी प्रतिभाग किया और चयन प्रक्रिया पूरी की।

अमेठी। संवाददाता राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवाओं ने भाग लिया। कुल 98 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। जिनमें से 39 युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनी डिक्शन द्वारा रोजगार का प्रस्ताव दिया गया।कंपनी ने चयनित अभ्यर्थियों को 16 हजार रुपये से अधिक के शुरुआती पैकेज पर जॉब ऑफर किया है। चयनित युवाओं को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नियुक्ति दी जाएगी। इसके अलावा एसीसी अदाणी ग्रुप तथा सिंचाई विभाग में दो-दो अभ्यर्थियों का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन किया गया। आईटीआई के प्रधानाचार्य विवेक यादव ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर मिलने वाला यह पैकेज युवाओं के लिए अनुभव प्राप्त करने का अच्छा अवसर है। कार्यस्थल पर कौशल और अनुभव बढ़ने के साथ उन्हें भविष्य में बेहतर वेतन और बड़ी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। प्लेसमेंट अधिकारी भारत भूषण मिश्रा एवं अनिल मिश्रा ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों से कंपनियों ने भाग लिया। निजी कंपनियों के साथ-साथ सिंचाई विभाग ने भी प्रतिभाग कर युवाओं के चयन की प्रक्रिया पूरी की। मेले के दौरान अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं कौशल परीक्षण किया गया। जिसके आधार पर चयन किया गया। संस्थान प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलों के आयोजन की बात कही है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


