Gauriganj News: झूम के बरसे बादल, शहर से लेकर गांवों तक हुआ जलभराव

हिन्दुस्तान, गौरीगंज
Follow us on Google News
share

Gauriganj News: अमेठी में मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई गांवों में पानी भरने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश ने किसानों की धान की फसल को राहत दी है। शुकुल बाजार में कच्ची दीवार गिरने से एक सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।

Gauriganj News: झूम के बरसे बादल, शहर से लेकर गांवों तक हुआ जलभराव

Gauriganj News: अमेठी। संवाददाता जिले में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश में शहर से लेकर गांवों तक जलभराव की स्थिति बन गई है। जलनिकासी व्यवस्था ठप होने से कई गांवों-कस्बों में लोगों के घरों के सामने व रास्तों पर पानी भर गया है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश ने किसानों की धान की फसल को बड़ी राहत दी है। जिससे फसलें लहलहा उठी हैं। वहीं शुकुल बाजार में कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बालिका की मलबे में दबकर मौत हो गई।

जलभराव की स्थिति

मंगलवार की दोपहर हुई तेज बरसात से अमेठी कस्बे में हरदेव नगर, अंतू रोड और बाबा बालकदास कुटी के आसपास कई घरों में बारिश का पानी भर गया है। सबसे खराब हालत एसडीएम कॉलोनी की है, जहां एसडीएम और सीओ आवास में पानी घुस गया। दोनों अधिकारियों को अपना आवास छोड़ना पड़ा है। फिलहाल एसडीएम गौरीगंज में और सीओ निरीक्षण गृह में रह रहे हैं। सराय राजशाह व सरवनपुर मोहल्ले में भी जलभराव हो गया है। एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि पानी निकलवाया जा रहा है। उधर, भादर ब्लॉक के त्रिशुंडी गांव के कुछ हिस्सों में भी जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात का पानी सड़कों और गलियों से होते हुए घरों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों को आने-जाने और रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्दी जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत

जिला मुख्यालय गौरीगंज कस्बे में बारिश का पानी एसपी आफिस, सीएमओ कार्यालय से लेकर विभिन्न सरकारी कार्यालयों के परिसर में भर गया। कस्बे के वार्डों में रास्तों और लोगों के दरवाजों तक जलभराव हो गया। तेज बरसात ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दिया। गांवों के हालात और भी बदतर हो गए हैं।

कच्ची दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत

शुकुल बाजार संवाद के अनुसार पूरे वक्तावर मजरे फुंदनपुर में सोमवार की रात जियालाल की सात वर्षीय पुत्री कोमल अपने दादा सरजू प्रसाद के साथ चारपाई पर सो रही थी। देर रात बारिश में भीग चुकी मिट्टी की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से कोमल की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया। तहसीलदार राहुल सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।

स्कूली बच्चों पर असर

सड़क पर जलभराव से गिर रहे स्कूली बच्चे

मुंशीगंज संवाद के अनुसार सुबह से हो रही बारिश से हरिहरपुर गांव में सड़क पर जलभराव होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पनियार चौराहे से चंदौकी संपर्क मार्ग पर रामलखन यादव के घर के पास बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया है। इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनके कपड़े खराब होने के साथ चोटिल होने का भी खतरा बना रहता है। ग्रामीण भोलानाथ यादव ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र देकर शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई।

बरसात के आंकड़े

जिले में पिछले 24 घंटे में 22.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिजली आपूर्ति ठप

लाइन पर गिरा पेड़, रातभर गुल रही बिजली

शुकुल बाजार क्षेत्र में सोमवार की शाम 33 केवी विद्युत लाइन पर शीशम का पेड़ गिरने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा 33 केवी लाइन पर अन्य स्थानों पर भी तकनीकी दिक्कतें आ गईं। इससे महोना और बाजार शुकुल विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब डेढ़ लाख की आबादी को साढ़े 14 घंटे तक बिजली के बिना रहना पड़ा। एसडीओ विद्युत अखिलेश गिरी ने बताया कि विभागीय टीम ने रातभर पेट्रोलिंग और मरम्मत कार्य कर सभी फाल्ट दूर किए। मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

अमेठी में बारिश के कारण कितनी बारिश हुई?
जिले में पिछले 24 घंटे में 22.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsगौरीगंजGauriganj News: झूम के बरसे बादल, शहर से लेकर गांवों तक हुआ जलभराव