
राजापुर कौहार माइनर में खुदाई के नाम पर खानापूरी
Gauriganj News - अमेठी के शाहगढ़ ब्लॉक में किसानों ने राजापुर कौहार माइनर की सफाई में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि केवल खानापूरी की गई है और उन्हें वर्षों से पानी नहीं मिल रहा है। डीएम ने मामले की तत्काल जांच का आश्वासन दिया है।
अमेठी। शाहगढ़ ब्लॉक के राजापुर कौहार माइनर की सफाई में गंभीर अनियमितताओं का आरोप किसानों ने लगाया है। उनका कहना है कि माइनर की वास्तविक खुदाई न कराकर सिर्फ खानापूरी की गई है। जहां-जहां सड़क और माइनर का क्रॉस है, वहीं पर दिखावे के लिए थोड़ी खुदाई कर दी गई, जबकि बाकी पूरी माइनर में केवल जेसीबी चलाकर औपचारिकता पूरी की गई है। किसानों का कहना है कि दादूपुर, टोपरी, मटेरा, रामगंज सहित कई गांवों को खरीफ सीजन में वर्षों से पानी नहीं मिल पा रहा है। शिकायतें करने और वीडियो भेजने के बाद भी विभागीय कार्रवाई नहीं हुई। माइनर तिलकराम पांडे का पुरवा से शुरू होकर रामदत्त का पुरवा, तिवारी का पुरवा, दादूपुर, टोपरी, मटेरा, रामगंज आदि गांवों से होकर गुजरती है, लेकिन इन सभी गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि जहां जरूरत है वहां खुदाई नहीं की गई, जिससे पानी का प्रवाह अवरुद्ध हो जाता है। बताया कि पूर्व में सीडीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने जांच की थी, जिसमें किसानों की शिकायतें सही पाई गई थीं। डीएम संजय चौहान ने कहा कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी। जांच में यदि अनियमितता मिली तो कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




