Gauriganj News: जन्माष्टमी पर हर तरफ गूंजा जय कन्हैया लाल की
Gauriganj News: अमेठी में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया। गांवों और कस्बों में झांकियां सजाई गईं और भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। पुलिस विभाग ने भी इसे भव्य रूप से मनाया, जिसमें कार्यक्रम और भव्य महाआरती शामिल थी। बच्चों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

Gauriganj News: अमेठी। संवाददाता योग योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार को जिले भर में श्रद्धा और भक्तिभाव से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांवों और कस्बों में आकर्षक झांकियां सजाई गई और भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए। सभी थानों और पुलिस लाइन में भी झांकियां सजाकर भंडारों का आयोजन किया गया।
जन्माष्टमी की भव्य सजावट
अमेठी कस्बे में स्थित हनुमानगढ़ी, देवी पाटन धाम और टीकरमाफी आश्रम में जन्माष्टमी को लेकर भव्य सजावट की गई। सुबह से ही भगवान कृष्ण के भजन कीर्तन लाउडस्पीकरों पर बजने लगे। सभी कस्बों में बाल कृष्ण की झांकियां सजाई गई। जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुलिस विभाग द्वारा जन्माष्टमी का पर्व भव्य रूप से मनाया गया। सभी थानों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और गुब्बारों से सजाया गया था। गौरीगंज, मुंशीगंज, संग्रामपुर, पीपरपुर, अमेठी, जामो, मुसाफिरखाना, शुकुल बाजार सहित थानों के मंदिरों पर झांकियां सजाई गई थी। शाम को प्रसाद वितरण का आयोजन भी हुआ। वहीं पुलिस लाइन गौरीगंज में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जागरण कार्यक्रम हुआ। जिसका शुभारंभ एसपी सरवणन टी ने पूजा अर्चना कर किया। कार्यक्रम में श्री कृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक के दृश्यों का सुंदर मंचन किया गया। मध्यरात्रि में श्री कृष्ण के जन्म होने पर पुलिस परिवार द्वारा भव्य महाआरती की गई। पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा श्री राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुतियां दीं गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डीएम संजय चौहान, एसपी व एएसपी द्वारा उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। गांवों और कस्बों में देर रात तक महिलाएं सोहर गाती रहीं।
संस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
मुकुटनाथ धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम
पौराणिक स्थल मुकुटनाथ धाम ताला में तीन गांवों के बाल कलाकारों की प्रतियोगिता हुई। खुशी, आयुषी, मानवी, अंशिका के आकर्षक प्रदर्शन से लहरता को प्रथम, सौम्या, अनुष्का, गुड़िया, आराध्या, नित्या के सराहनीय प्रदर्शन से ताला को द्वितीय और महादेवन के कलाकारों को तृतीय स्थान मिला। मंदिर के पुजारी शिव मंगल गिरि ने बताया कि विगत 23 वर्षों से भगवान लड्डू गोपाल, भोलेनाथ और मां पार्वती की शोभायात्रा निकाली जाती रही है, लेकिन इस बार अनुमति नहीं मिलने से शोभायात्रा नहीं निकल सकी।
बच्चों की प्रस्तुतियां
पीतांबर वेष में सजे बाल गोपाल बने आकर्षण
शुकुल बाजार संवाद के अनुसार एक मां ने अपने नन्हें लाल को पीले वस्त्र पहनाकर मोर पंख मुकुट, आभूषण और बांसुरी से कान्हा का रूप दिया। बांसुरी होंठों से लगाए नन्हें कान्हा की मासूमियत हर किसी का ध्यान खींचती रही। जन्माष्टमी पर बच्चों को राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजाने को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मंदिरों में भी झांकियां सजाई गई। घरों से मंदिरों तक उत्सव का माहौल रहा।
आल्हा गायन कार्यक्रम
आल्हा-ऊदल की शौर्य गाथाओं से फड़की भुजाएं
बाजार शुकुल थाना परिसर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हुआ आल्हा गायन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। आल्हा गायन टीम में शामिल बाबादीन शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, संतोष पाण्डेय रिंकू द्वारा आल्हा ऊदल मलखान की शौर्य गाथाओं का सुन्दर गायन किया गया। आल्हा ऊदल मलखान की शौर्य गाथा को सुनकर उपस्थित लोगों की भुजाएं भड़क उठी और वीर रस का संचार हो गया। बड़ी संख्या उपस्थित लोगों द्वारा आल्हा गायन का आनंद लिया गया।

